बिलासपुर। सीपत पुलिस ने ग्राम फरहदा के दैहानपारा में रेड कार्रवाई कर 12 लीटर अवैध कच्ची महुआ शराब के साथ 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जब्त शराब की कीमत करीब 3,600 रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे ‘चेतना विरुद्ध नशा’ अभियान के तहत 30 सितंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी। सूचना पर पुलिस टीम ने फरहदा के दैहानपारा में दबिश दी। मौके से रूखमणी भोई (40), निवासी फरहदा और अमृत निषाद (55), निवासी देवरीखुर्द बूटापारा, थाना तोरवा को पकड़ा गया।
दोनों के कब्जे से कुल 12 लीटर कच्ची महुआ शराब विधिवत जब्त की गई। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई कर गिरफ्तार किया और न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।
पुलिस ने बताया कि अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।