जीएसटी और रिफंड के नाम पर 5 बार में ट्रांसफर कराए रुपए, पार्सल भी नहीं मिला

बिलासपुर। फेसबुक पर ऑनलाइन ड्रेस खरीदने के चक्कर में मसानगंज निवासी डॉक्टर की पत्नी 43,225 रुपए की साइबर ठगी का शिकार हो गईं। ठगों ने कूरियर और जीएसटी रिफंड का झांसा देकर उनसे 5 बार में रकम ट्रांसफर करा ली। इसके बावजूद न तो ड्रेस का पार्सल मिला और न ही रकम वापस हुई। पीड़िता ने साइबर हेल्पलाइन और सिविल लाइन थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए FIR दर्ज करने की मांग की है।

जानकारी के अनुसार, मेहता नर्सिंग होम निवासी जागृति मेहता (55), पति डॉ. अशोक मेहता ने फेसबुक पर KCP सिल्क राजस्थान नाम के पेज पर एक ड्रेस पसंद की थी। इसके लिए उन्होंने 15 अक्टूबर को Google Pay के माध्यम से शीला देवी के खाते में 8,991 रुपए ट्रांसफर किए।

इसके बाद 18 अक्टूबर को एक व्यक्ति ने फोन कर खुद को कूरियर बॉय बताया। उसने पार्सल भेजने के लिए जीएसटी रिवर्स के नाम पर 4,960 रुपए मांगे और रकम वापस मिलने का भरोसा दिलाया। इसके बाद ठग ने लेट फीस और रिफंड की प्रक्रिया का बहाना बनाकर क्रमशः 4,907, 9,867 और 14,500 रुपए और ट्रांसफर करा लिए।

इस तरह पीड़िता से कुल 43,225 रुपए वसूल लिए गए, लेकिन ड्रेस का पार्सल नहीं पहुंचा। ठगी का एहसास होने पर उन्होंने साइबर हेल्पलाइन और सिविल लाइन थाने में शिकायत दर्ज कराई। अब पीड़िता ने पुलिस से मामले में FIR दर्ज कर कार्रवाई करने की मांग की है।