बिलासपुर। तोरवा थाना पुलिस ने ठेकेदार की मोटरसाइकिल लेकर फरार हुए आरोपी को मध्यप्रदेश के उमरिया से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, 12 फरवरी 2026 को तोरवा निवासी सुरेन्द्र बोले ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि धर्मेन्द्र सिंह निवासी उमरिया, मध्यप्रदेश, उनकी ठेकेदारी साइट पर काम करता था। आरोपी ने पहचान का फायदा उठाते हुए उनसे मोटरसाइकिल क्रमांक CG 10 AB 7899 मांगी और लेकर चला गया। इसके बाद वह मोटरसाइकिल वापस नहीं लौटाया और अपने निवास स्थान उमरिया फरार हो गया।
प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना तोरवा में अपराध क्रमांक 177/2026 के तहत धारा 316(2), 316(4) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू की गई। विवेचना के दौरान आरोपी के दूसरे राज्य में फरार होने की जानकारी मिली।
पुलिस को आरोपी के अपने निवास स्थान उमरिया, मध्यप्रदेश में मौजूद होने की सूचना मिली। इसके बाद पुलिस टीम ने उमरिया पहुंचकर 20 अगस्त 2026 को सुबह 11.45 बजे आरोपी धर्मेन्द्र सिंह उर्फ कमल सिंह (33 वर्ष), निवासी बकेला, उमरिया, मध्यप्रदेश को मोटरसाइकिल सहित गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
गिरफ्तार आरोपी: धर्मेन्द्र सिंह उर्फ कमल सिंह, उम्र 33 वर्ष, निवासी बकेला, उमरिया, मध्यप्रदेश।
बरामद मशरूका: मोटरसाइकिल क्रमांक CG 10 AB 7899।