भाई दूज मनाकर लौट रहे थे दोनों युवक, वारदात के चंद घंटों में कोटा पुलिस ने आरोपी और नाबालिग को पकड़ा

बिलासपुर। कोटा थाना क्षेत्र के ग्राम गनियारी में भाई दूज मनाकर लौट रहे दो युवकों के साथ मारपीट कर मोबाइल लूटने का मामला सामने आया है। चक्राकुंड मोड़ के पास पेशाब करने के लिए रुके युवकों को बाइक सवार तीन लोगों ने घेर लिया। गाली-गलौज के बाद लात-घूंसों और बेल्ट से मारपीट कर दोनों के मोबाइल लूट लिए और जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। शिकायत के बाद कोटा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी और एक विधि से संघर्षरत बालक को पकड़ लिया। पुलिस ने लूटे गए दोनों मोबाइल और वारदात में इस्तेमाल बाइक जब्त की है।

पुलिस के अनुसार दर्रिकापा निवासी महेंद्र कुमार पोर्ते 12 नवंबर को अपने बड़े पिताजी के बेटे के साथ भाई दूज मनाने बिलासपुर गए थे। रात करीब 10 बजे दोनों बाइक से वापस लौट रहे थे। ग्राम गनियारी में चक्राकुंड मोड़ के पास महेंद्र को पेशाब लगी तो उन्होंने बाइक रोकी और सड़क से थोड़ी दूर चले गए। इसी दौरान चक्राकुंड रोड की ओर से एक बाइक पर सवार तीन लोग पहुंचे। उन्होंने दोनों युवकों से गाली-गलौज शुरू कर दी और महेंद्र के भाई के साथ लात-घूंसों से मारपीट करने लगे।

भाई को पिटता देख महेंद्र बीच-बचाव करने पहुंचे तो आरोपियों ने उनके साथ भी बेल्ट से मारपीट की। इसके बाद दोनों के मोबाइल फोन बलपूर्वक लूट लिए और जान से मारने की धमकी देकर गनियारी बस्ती की ओर भाग निकले।

मामले की शिकायत मिलते ही पुलिस ने जांच शुरू की। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर गनियारी निवासी कुनानू वर्मा उर्फ नानू (27) और एक विधि से संघर्षरत बालक को पकड़ा गया। पुलिस ने उनके कब्जे से लूटे गए दोनों मोबाइल और घटना में इस्तेमाल बाइक जब्त की। आरोपी कुनानू वर्मा को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया, जबकि नाबालिग को बाल संप्रेषण गृह भेजा गया है।

कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण मधुलिका सिंह और एसडीओपी कोटा नूपुर उपाध्याय के मार्गदर्शन में की गई। इसमें थाना प्रभारी निरीक्षक शशिकांत भारद्वाज, उप निरीक्षक नागेश्वरी साहू, कमल नारायण शर्मा सहित पुलिस टीम की भूमिका रही।