
13 करोड़ नाम हटने की चर्चा पर केंद्रीय मंत्री डॉ. वीरेन्द्र खटिक बोले- आंकड़ों को तथ्यों के आधार पर समझें, एसआईआर जरूरी
बिलासपुर। एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) के समर्थन में भाजपा ने शनिवार को शहर में पदयात्रा निकालकर अपनी राजनीतिक ताकत दिखाई। गांधी चौक से नेहरू चौक तक करीब 2.8 किलोमीटर की इस पदयात्रा में भाजपा के नेता और कार्यकर्ता पार्टी के झंडे लेकर शामिल हुए। 'लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ' के नारों के बीच केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डॉ. वीरेन्द्र कुमार के नेतृत्व में दोपहर 3:30 बजे शुरू हुई पदयात्रा शाम 4:45 बजे नेहरू चौक पहुंची। यहां पदयात्रा सभा में बदल गई। पूरे आयोजन में एसआईआर का मुद्दा प्रमुखता से छाया रहा। भाजपा नेताओं ने इसे मतदाता सूची को स्वच्छ और त्रुटिरहित बनाने की जरूरी प्रक्रिया बताया और कांग्रेस पर निशाना साधा।
केंद्रीय मंत्री डॉ. वीरेन्द्र कुमार ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए मतदाता सूची का स्वच्छ और त्रुटिरहित होना जरूरी है। एसआईआर निर्वाचन आयोग की संवैधानिक जिम्मेदारी के तहत होने वाली स्थापित प्रक्रिया है। इसके माध्यम से मृत, स्थानांतरित और दोहरे नामों का नियमानुसार निराकरण किया जाना चाहिए। साथ ही प्रत्येक पात्र नागरिक के मताधिकार की सुरक्षा भी सुनिश्चित होनी चाहिए। देश में एसआईआर के तहत करीब 13 करोड़ नाम हटाए जाने की चर्चा पर उन्होंने कहा कि आंकड़ों को तथ्यों के आधार पर समझने की जरूरत है।
केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने कांग्रेस पर दोहरे चरित्र का आरोप लगाते हुए कहा कि चुनाव हारने पर कांग्रेस वोट चोरी का आरोप लगाती है और लोकतंत्र खतरे में होने की बात करती है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस षड्यंत्र के जरिए देश में अराजकता फैलाने और समाज को बांटने का प्रयास कर रही है।
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने राहुल गांधी पर भ्रम फैलाने का आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस को देश और जनता से ज्यादा एक परिवार की चिंता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है और लोकतंत्र में अराजकता की कोई जगह नहीं है।
अमर अग्रवाल बोले- चोर मचाए शोर
विधायक अमर अग्रवाल ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि इसी पार्टी ने आपातकाल लगाकर लोकतंत्र की हत्या की थी और लोगों की स्वतंत्रता छीनी थी। आज वही कांग्रेस लोकतंत्र खतरे में होने की बात कर रही है। उन्होंने नक्सलवाद के खात्मे का श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को देते हुए भाजपा कार्यकर्ताओं को लोकतंत्र का प्रहरी बताया। कांग्रेस पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा, 'चोर मचाए शोर।'
ग्रामीण क्षेत्रों से अधिक पहुंचे कार्यकर्ता
पदयात्रा में बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक, तखतपुर विधायक धरमजीत सिंह, बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला, पूर्व विधायक रजनीश सिंह, क्रेडा अध्यक्ष भूपेंद्र सवन्नी, महापौर पूजा विधानी, जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी, भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक सिंह और मनीष अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। हालांकि, आयोजन में शहर के वार्डों की अपेक्षा ग्रामीण क्षेत्रों से आए कार्यकर्ताओं की मौजूदगी अधिक दिखाई दी।