हिर्री पुलिस ने सकर्रा गांव से पकड़ा, न्यायिक रिमांड पर भेजा गया जेल

बिलासपुर। ग्राम सकर्रा में पड़ोसी महिला का रास्ता रोककर छेड़छाड़ और मारपीट करने के मामले में हिर्री पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को FIR दर्ज होने के चंद घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान शिवम कौशिक (27), निवासी सकर्रा, थाना हिर्री के रूप में हुई है। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, 20 अक्टूबर 2026 को पीड़िता ने हिर्री थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि गांव में पानी टंकी के पास उसके पड़ोसी ने बेइज्जत करने की नीयत से रास्ता रोक लिया और उसके साथ छेड़छाड़ करते हुए मारपीट की। शिकायत पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर थाना प्रभारी निरीक्षक दामोदर प्रसाद मिश्रा के नेतृत्व में टीम गठित कर आरोपी की तलाश शुरू की गई। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने अपराध स्वीकार किया। इसके बाद 20 अक्टूबर को शाम 7:40 बजे उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक दामोदर प्रसाद मिश्रा, पीएसआई उषा निषाद, सहायक उपनिरीक्षक दिवाकर सिंह और आरक्षक जितेंद्र कुमार जगत की विशेष भूमिका रही।