नेताओं से संपर्क का भरोसा देकर पार्टी फंड के नाम पर मांगी रकम, महिला के खिलाफ FIR

बिलासपुर। सरकंडा क्षेत्र में एक बेरोजगार युवक को राष्ट्रीय पार्टी में बड़ा पद दिलाने का झांसा देकर 82 लाख 63 हजार 194 रुपए की ठगी किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि महिला ने खुद को पार्टी का कार्यकर्ता बताते हुए बड़े नेताओं से संपर्क होने का भरोसा दिलाया और पार्टी फंड के नाम पर अलग-अलग समय पर रकम लेती रही। शिकायत के आधार पर सरकंडा पुलिस ने महिला के खिलाफ FIR दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

श्री विहार निवासी चेतन आनंद दुबे ने पुलिस को बताया कि करीब एक साल पहले फेसबुक के माध्यम से उसकी पहचान मनेंद्रगढ़ के खोंगापानी निवासी निखत परवीन साबरी से हुई थी। बातचीत के दौरान महिला ने खुद को राष्ट्रीय पार्टी का कार्यकर्ता बताया और बड़े नेताओं से अच्छे संपर्क होने का दावा किया। इस बीच जमीन से जुड़े एक विवाद में महिला द्वारा मदद किए जाने के बाद शिकायतकर्ता का उस पर भरोसा और बढ़ गया।

आरोप है कि विश्वास कायम होने के बाद निखत ने चेतन को राष्ट्रीय पार्टी में बड़ा पद दिलाने का प्रस्ताव दिया। इसके लिए पार्टी फंड के नाम पर अलग-अलग समय पर रकम की मांग शुरू कर दी। शिकायत के अनुसार 11 जुलाई 2025 से 17 अगस्त 2026 के बीच चेतन ने विभिन्न किश्तों में महिला के बैंक खाते में कुल 62 लाख 63 हजार 194 रुपए ऑनलाइन ट्रांसफर किए। वहीं, करीब 20 लाख रुपए नगद देने का भी आरोप है। कुछ रकम महिला की बहन के बैंक खाते में भी ट्रांसफर किए जाने की बात शिकायत में कही गई है।

पद नहीं मिला तो रकम वापस मांगी

लंबे समय तक पार्टी में पद दिलाने का आश्वासन मिलने के बावजूद जब कोई पद नहीं मिला तो शिकायतकर्ता ने अपनी रकम वापस मांगनी शुरू की। आरोप है कि इस पर महिला ने पैसे लौटाने से इनकार कर दिया और शिकायतकर्ता को धमकी भी दी। इसके बाद युवक ने पुलिस से शिकायत की।

सरकंडा पुलिस ने शिकायत के आधार पर महिला के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने शिकायतकर्ता से रकम के लेनदेन से जुड़े बैंक रिकॉर्ड, दस्तावेज और अन्य साक्ष्य लिए हैं। पुलिस अब पूरे लेनदेन और महिला द्वारा दिए गए आश्वासनों की जांच कर रही है।