ताश खेलते हुए तंबाकूयुक्त फ्लेवर का कर रहे थे सेवन, 3 हुक्का पॉट, पाइप और 50 ग्राम फ्लेवर जब्त; एक युवक फरार
बिलासपुर। पारिजात कॉलोनी के एक मकान में देर रात पुलिस ने दबिश देकर हुक्का पी रहे 5 युवकों को पकड़ा। युवक मकान के भीतर तंबाकूयुक्त फ्लेवर का इस्तेमाल कर हुक्का पीने के साथ ताश भी खेल रहे थे। पुलिस को देखकर एक युवक मौके से भाग निकला। पुलिस ने मौके से 3 हुक्का पॉट, 3 पाइप, 50 ग्राम फ्लेवर और माचिस जब्त की है। मामले में आरोपियों के खिलाफ सिगरेट और अन्य तंबाकू उत्पाद छत्तीसगढ़ संशोधन अधिनियम 2021 की संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार, प्रशिक्षु उपनिरीक्षक पेट्रोलिंग स्टाफ के साथ राजेंद्र नगर चौक के पास गश्त कर रहे थे। इसी दौरान सूचना मिली कि पारिजात कॉलोनी स्थित मकान नंबर एसएमआईजी-29 में कुछ युवक तंबाकूयुक्त फ्लेवर मिलाकर हुक्का पी रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर दबिश दी। वहां युवक हुक्का पीते और ताश खेलते मिले।
अलग-अलग इलाकों के युवक पकड़े गए
पुलिस ने मौके से कुम्हारपारा निवासी श्रीकांत प्रजापति (37), देवरीखुर्द निवासी सोमू मानिकपुरी (27), तेलीपारा निवासी रिंशु कुम्हारे (29), 27 खोली निवासी अरबाज खान (27) और तारबाहर निवासी दीपक अग्रवाल (35) को पकड़ा। वहीं, साहिल कश्यप पुलिस को देखकर मौके से फरार हो गया।
हुक्का पॉट और फ्लेवर जब्त
पुलिस ने मकान से 3 हुक्का पॉट, 3 पाइप, करीब 50 ग्राम फ्लेवर और माचिस जब्त की है। पुलिस के मुताबिक, युवक तंबाकूयुक्त फ्लेवर का इस्तेमाल कर रहे थे। इस मामले में आरोपियों के खिलाफ सिगरेट और अन्य तंबाकू उत्पाद छत्तीसगढ़ संशोधन अधिनियम 2021 की धारा 4(क), 21(क) और 27 के तहत अपराध दर्ज कर कार्रवाई की गई है। फरार युवक की भूमिका को लेकर भी पुलिस की कार्रवाई जारी है।