
पामगढ़, 30 सितंबर 2026। वीरांगना महारानी लक्ष्मीबाई की नगरी झांसी में 27 से 29 सितंबर 2026 तक आयोजित अखिल भारतीय आमंत्रण मल्लखंब प्रतियोगिता-2026 में पामगढ़ की प्रतिभाशाली खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले और छत्तीसगढ़ का नाम राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया।
लक्ष्मी व्यायाम मंदिर, झांसी में आयोजित इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देश के 14 राज्यों के लगभग 400 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता का शुभारंभ स्थानीय सांसद अनुराग शर्मा के मुख्य आतिथ्य में हुआ।
छत्तीसगढ़ मलखंभ संघ के नेतृत्व में कुल 24 खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता में सहभागिता की। पामगढ़ की शिक्षा दिनकर ने अपने शानदार खेल प्रदर्शन का परिचय देते हुए व्यक्तिगत रूप मल्लखंब स्पर्धा में देशभर के खिलाड़ियों को पीछे छोड़ते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया। उनकी इस उपलब्धि से जांजगीर-चांपा जिले के साथ-साथ पूरे छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ा है।
वहीं 14 वर्ष आयु वर्ग की बालिका प्रतियोगिता में राष्ट्रीय स्तर पर पहली बार हिस्सा लेने वाली पामगढ़ की प्रज्ञा कुर्रे ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक प्राप्त किया। पहली ही राष्ट्रीय प्रतियोगिता में पदक हासिल कर प्रज्ञा ने अपनी प्रतिभा का शानदार परिचय दिया और जिले का मान बढ़ाया।
प्रतियोगिता में देशभर से लगभग 40 निर्णायक एवं तकनीकी अधिकारी उपस्थित रहे। छत्तीसगढ़ की ओर से पुष्कर दिनकर और प्रेमचंद शुक्ला ने तकनीकी अधिकारी एवं निर्णायक के रूप में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। संघ के अध्यक्ष प्रेमचंद शुक्ला तथा मल्लखंब फेडरेशन ऑफ इंडिया के महासचिव डॉ. राजकुमार शर्मा सहित अन्य पदाधिकारी एवं खेल विशेषज्ञ प्रतियोगिता में उपस्थित रहे छत्तीसगढ़ मलखंभ टीम के मैनेजर देवराज तिवारी बिलासपुर एवं कोच मंगलूराम उसेन्डी नारायणपुर थे।
राष्ट्रीय प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों से आए खिलाड़ियों ने भी सहभागिता की। इनमें यशपाल, बरेठ,आयुषी, सिद्धार्थ, प्रतीक बंजारे, अभिजीत कुर्रे, समीर कुमार, रोशनी धीवर, हिमांशी, हुसैंती, निधि उसेन्डी सहित नारायणपुर के खिलाड़ियों ने भी अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
पामगढ़ की शिक्षा दिनकर द्वारा स्वर्ण पदक तथा प्रज्ञा कुर्रे द्वारा कांस्य पदक हासिल किए जाने पर खेलप्रेमियों एवं क्षेत्रवासियों ने दोनों खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। दोनों खिलाड़ियों की यह उपलब्धि क्षेत्र के अन्य युवा खिलाड़ियों के लिए भी प्रेरणादायक है।
उपरोक्त अखिल भारतीय आमंत्रण मलखंभ प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ की शानदार जीत के लिये माननीय विधायक सुशांत शुक्ला बेलतरा क्षेत्र,संरक्षक अनिल टाह,उपाध्यक्ष विरेन्द्र तिवारी,बिसन कसेर,कोषाध्यक्ष अनिल सिंह,मनोज प्रसाद, मिलिन्द भानदेव,मृणाल मूले,प्रशांत तिवारी, विशाल दूबे,कमलकिशोर निकुंज,किशोर कुमार वैष्णव,डा प्रमोद यादव आदि पदाधिकारियों एवं खेलप्रेमी ने बधाई एवं शुभकामनाएं दी है।