बिलासपुर, 30 अगस्त 2026। सरकंडा स्थित पाम एनक्लेव आवासीय सहकारी समिति ने ऊर्जा आत्मनिर्भरता और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए 40 किलोवाट क्षमता के सोलर पावर प्लांट की स्थापना की है। पीएम सूर्यघर योजना के तहत स्थापित इस सोलर प्लांट का रविवार को भव्य समारोह में लोकार्पण किया गया।


कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सुशांत शुक्ला रहे। वहीं विशिष्ट अतिथियों के रूप में बिलासपुर कलेक्टर संजय अग्रवाल, एसएसपी रजनेश सिंह एवं ईडी सीएसपीडीसीएल आलोक अंबष्ट उपस्थित रहे। अतिथियों ने संयुक्त रूप से फीता काटकर एवं दीप प्रज्वलित कर सोलर प्लांट का लोकार्पण किया।


इस अवसर पर मुख्य अतिथि श्री सुशांत शुक्ला ने पाम एनक्लेव समिति की पहल की सराहना करते हुए कहा कि समिति द्वारा उठाया गया यह कदम पूरे बिलासपुर के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने कहा कि सौर ऊर्जा भविष्य की आवश्यकता है और अन्य आवासीय समितियों को भी इससे प्रेरणा लेकर हरित ऊर्जा को अपनाना चाहिए।


कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल ने कहा कि प्रशासन हरित ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है। पाम एनक्लेव का यह प्रयास ‘स्वच्छ बिलासपुर, हरित बिलासपुर’ की संकल्पना को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान है।


समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि 40 किलोवाट क्षमता वाले इस सोलर प्लांट से सोसायटी के कॉमन एरिया की बिजली की आवश्यकता पूरी करने में मदद मिलेगी। इससे बिजली के खर्च में उल्लेखनीय कमी आने के साथ ही पारंपरिक ऊर्जा स्रोतों पर निर्भरता घटेगी और पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा।


लोकार्पण समारोह में सोसायटी के अध्यक्ष, सचिव, कार्यकारिणी सदस्य सहित बड़ी संख्या में रहवासी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में समिति के सचिव ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित रहवासियों के प्रति आभार व्यक्त किया।