पहले दिन न्यूनतम तापमान में 1 डिग्री से ज्यादा गिरावट, दूसरे सप्ताह के बाद तेजी से लुढ़केगा पारा; चक्रवात मुरासु से 3 दिन बारिश के आसार
बिलासपुर। नवंबर की शुरुआत मौसम के उतार-चढ़ाव के साथ हुई है। महीने के पहले ही दिन न्यूनतम तापमान में 1 डिग्री से ज्यादा की गिरावट दर्ज की गई। हालांकि बंगाल की खाड़ी में सक्रिय चक्रवात मुरासु के असर से अगले 3 दिनों तक बिलासपुर सहित संभाग में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने 3 और 4 नवंबर को प्रदेश के कई इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। चक्रवात का असर खत्म होने के बाद आसमान साफ होगा और ठंड बढ़ने लगेगी।
मौसम विभाग के अनुसार, चक्रवात मुरासु दक्षिण-पश्चिम और उससे लगे पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर सक्रिय है। यह पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ रहा है। इसके 2 नवंबर की सुबह तक गंभीर चक्रवाती तूफान में बदलने और दक्षिणी आंध्र प्रदेश के तट पर नेल्लोर और नरसापुर के बीच पहुंचने की संभावना जताई गई है।
मौसम विज्ञान केंद्र रायपुर के मौसम वैज्ञानिक एचपी चंद्रा के मुताबिक, चक्रवात के प्रभाव से बिलासपुर शहर और ग्रामीण इलाकों में बारिश हो सकती है। इसके गुजरने के बाद आसमान साफ होगा और ठंड बढ़ने लगेगी। फिलहाल न्यूनतम तापमान में बड़ी गिरावट की संभावना नहीं है। नवंबर के दूसरे सप्ताह के बाद तापमान में ज्यादा गिरावट आने का अनुमान है। दिन छोटे होने और हवा की दिशा उत्तरी होने से ठंडी हवाएं चलेंगी। इससे रात के तापमान में गिरावट के साथ ठिठुरन बढ़ेगी।
पहले दिन रात का तापमान 1 डिग्री से ज्यादा गिरा
रविवार को बिलासपुर का अधिकतम तापमान 29 डिग्री दर्ज किया गया, जो शनिवार के मुकाबले 0.6 डिग्री अधिक था। वहीं न्यूनतम तापमान 20.4 डिग्री रहा, जो एक दिन पहले की तुलना में 1 डिग्री से ज्यादा कम है। सुबह की आर्द्रता 86 प्रतिशत और शाम की 84 प्रतिशत दर्ज की गई।
पिछले 10 वर्षों में नवंबर का न्यूनतम तापमान
वर्ष न्यूनतम तापमान 2016 11.2 डिग्री 2017 11.4 डिग्री 2018 12.5 डिग्री 2019 15.5 डिग्री 2020 12.4 डिग्री 2021 12.4 डिग्री 2022 12.0 डिग्री 2023 15.6 डिग्री 2024 13.0 डिग्री 2025 12.4 डिग्री स्रोत : मौसम विभाग, रायपुर
फयान ने बनाया था गर्मी, ठंड और बारिश का रिकॉर्ड
नवंबर में बिलासपुर का मौसम कई बार अप्रत्याशित बदलाव दिखा चुका है। वर्ष 2009 में आए फयान चक्रवात के दौरान शहर में गर्मी से लेकर कड़ाके की ठंड और बारिश तक के रिकॉर्ड बने थे। 15 नवंबर को अधिकतम तापमान 35.1 डिग्री दर्ज किया गया था, जबकि महीने के आखिरी दिन 30 नवंबर को न्यूनतम तापमान गिरकर 9.2 डिग्री तक पहुंच गया था।
इसी साल नवंबर में सर्वाधिक 47.8 मिमी बारिश दर्ज की गई थी। 18 नवंबर को महज 24 घंटे में 21.2 मिमी बारिश हुई थी। बिलासपुर में नवंबर का सामान्य अधिकतम तापमान 30.8 डिग्री और न्यूनतम तापमान 16 डिग्री रहता है। इस महीने औसतन 8.3 मिमी बारिश होती है। ऐसे में चक्रवात का असर खत्म होने के बाद तापमान में होने वाली गिरावट से शहर में ठंड का असर बढ़ने की संभावना है।