बिलासपुर में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ सिटी कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से ACETAMINOPHEN PROXYCO CAPSULES की 240 नग कैप्सूल और 80 ग्राम गांजा बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर नशे के अवैध कारोबारियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी दौरान सिटी कोतवाली पुलिस को सूचना मिली कि ज्वाली नाला के पीछे मेडिकल कॉम्पलेक्स के पास एक व्यक्ति नशीले पदार्थों की बिक्री कर रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर पप्पू खटीक (35), निवासी डीपी कॉलेज के पीछे टिकरापारा को पकड़ लिया।

तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 240 नग ACETAMINOPHEN PROXYCO CAPSULES और 80 ग्राम गांजा बरामद किया गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ NDPS Act की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया और न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।

पुलिस का कहना है कि नशीली दवाओं के अवैध कारोबार से जुड़े आरोपियों के खिलाफ एंड-टू-एंड विवेचना के साथ वित्तीय जांच भी की जा रही है, ताकि इस कारोबार में संलिप्त अन्य लोगों तक पहुंचकर वैधानिक कार्रवाई की जा सके।