बिलासपुर। कोटा ब्लॉक के बेहरामुड़ा स्थित अनुदान प्राप्त विद्यामंदिर प्राथमिक शाला में स्कूल समय के दौरान सहायक शिक्षक के शराब के नशे में अभद्र व्यवहार करने का मामला सामने आया है। शिक्षक चतरपाल सिंह राज का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है, जिसमें वह नशे की हालत में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल करते दिखाई दे रहे हैं। मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला शिक्षा अधिकारी संदीप पांडेय ने स्कूल प्रबंधन को शिक्षक को तत्काल निलंबित करने के निर्देश दिए हैं।


घटना 3 अक्टूबर की बताई जा रही है। शिक्षक के स्कूल परिसर में नशे की हालत में होने और अमर्यादित व्यवहार की शिकायत के बाद शासकीय हाईस्कूल बेहरामुड़ा के प्राचार्य और संकुल शैक्षणिक समन्वयक ने जांच कर प्रतिवेदन डीईओ को सौंपा। वायरल वीडियो में शिक्षक करीब 10 महीने से वेतन नहीं मिलने की बात कहते हुए नाराजगी जताते हुए भी दिखाई दे रहे हैं।


डीईओ ने स्कूल प्रबंधन को भेजे पत्र में शिक्षक के व्यवहार को शिक्षक की गरिमा और शासकीय आचरण के विपरीत बताया है। उन्हें तत्काल निलंबित कर 24 घंटे के भीतर कार्रवाई का अनुपालन प्रतिवेदन जिला शिक्षा कार्यालय में भेजने के निर्देश दिए गए हैं। पत्र में यह भी चेतावनी दी गई है कि तय समय-सीमा में कार्रवाई नहीं किए जाने पर संस्था के समस्त वेतन भुगतान रोक दिए जाएंगे।


10 दिन में कोटा में शिक्षक से जुड़ी 3 घटनाएं


कोटा क्षेत्र में पिछले करीब 10 दिनों में शिक्षकों से जुड़ी तीन घटनाएं सामने आई हैं। सोनपुरी प्राथमिक स्कूल के सहायक शिक्षक अभिमन्यु मरकाम लंबी गैरहाजिरी के बाद शराब के नशे में बीईओ कार्यालय पहुंचे और हंगामा किया था। मेडिकल जांच में शराब की पुष्टि होने के बाद उन्हें निलंबित किया गया।


इसी तरह मुसियारी प्राथमिक स्कूल में तीसरी कक्षा की छात्रा से शिक्षक गोपाल सिंह पर मारपीट और कान पकड़कर ऊपर उठाने का आरोप लगा था। बच्ची के कान से खून निकलने की बात भी सामने आई थी। मामले में बाल अधिकार संरक्षण आयोग ने डीईओ को नोटिस जारी कर 22 अक्टूबर तक रिपोर्ट मांगी है।


वहीं मल्हार के शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल की छात्राओं ने कलेक्टोरेट पहुंचकर मनमाने ढंग से फीस वसूली, अभद्र व्यवहार और शिकायत करने पर एफआईआर की धमकी देने के आरोप लगाए थे। छात्राओं ने प्राचार्य वेद शुक्ला पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं।