बिलासपुर। गणेश प्रतिमा विसर्जन के बाद गुरुवार रात सिरगिट्टी क्षेत्र के बड़े बन्नाक तालाब के पास नशे में धुत युवकों के बीच विवाद हो गया। विवाद शांत कराने पहुंचे तीन युवकों पर चाकू से हमला कर दिया गया। हमले में तीनों घायल हो गए और उपचार के दौरान उन्हें 30 से ज्यादा टांके लगाए गए। घटना के बाद सिरगिट्टी पुलिस ने कई युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक नायक गणेश उत्सव समिति के सदस्य प्रतिमा विसर्जन के बाद लौट रहे थे। बड़े बन्नाक तालाब के पास समिति के कुछ युवकों के बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि नशे में धुत कुछ युवक आपस में मारपीट करने लगे। इसी दौरान राहुल सिंह ठाकुर (24), निवासी बड़े बन्नाक, महावीर नगर, सिद्धांत ध्रुव (22), निवासी माता चौरा समेत तीन युवकों ने विवाद रोकने की कोशिश की।
इससे विवाद कर रहे युवक भड़क गए और तीनों पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में तीनों युवक लहूलुहान होकर गिर पड़े। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर सिरगिट्टी पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए सिम्स अस्पताल भेजा गया। उपचार के दौरान घायलों को 30 से ज्यादा टांके लगाए गए।
पुलिस ने समिति के अध्यक्ष अनुज, शेखर कांति और करण रजक समेत कई युवकों को हिरासत में लिया है। पुलिस हमले में इस्तेमाल हथियार और घटना में शामिल अन्य युवकों के संबंध में पूछताछ कर रही है।
जूना बिलासपुर में भी दो पक्ष भिड़े
गणेश विसर्जन के दौरान सिटी कोतवाली क्षेत्र के जूना बिलासपुर में भी दो पक्षों के युवकों के बीच विवाद हो गया। गोंड़पारा और सरकंडा क्षेत्र से आए कुछ युवक किसी बात को लेकर गाली-गलौज करने लगे। देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और विवाद कर रहे युवकों को पकड़ लिया। पुलिस ने सभी के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है।