बिलासपुर। सरकंडा पुलिस ने सरप्राइज चेकिंग के दौरान चोरी के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से चोरी के सोने-चांदी के जेवरात, कैमरा, हेयर ड्रायर और नकदी समेत करीब 70 हजार रुपये का पूरा सामान बरामद किया गया है। पूछताछ में आरोपी ने नशे की तलब पूरी करने के लिए चोरी करना स्वीकार किया। आरोपी का पहले भी आपराधिक रिकॉर्ड रहा है।

पुलिस के अनुसार, बालाजी पुरम कॉलोनी निवासी प्रशांत वर्मा ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनके छोटे भाई विकास वर्मा काम के सिलसिले में पुणे गए हुए हैं। इस दौरान उनके बंद मकान का ताला तोड़कर अज्ञात चोर सोने-चांदी के जेवरात, कैमरा, हेयर ड्रायर और नकदी समेत करीब 70 हजार रुपये का सामान चोरी कर ले गया था। शिकायत पर सरकंडा पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

इसी दौरान क्षेत्र में अपराधियों की धरपकड़ और सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस सरप्राइज चेकिंग कर रही थी। रपटा चौक पर चेकिंग के दौरान पुलिस ने आशीष निर्मलकर उर्फ बेंदो उर्फ विक्की (23), निवासी नाग-नागिन अटल आवास, सरकंडा को चोरी के सामान के साथ पकड़ लिया। कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी ने बालाजी पुरम कॉलोनी स्थित बंद मकान का पत्थर से ताला तोड़कर चोरी करना स्वीकार किया। उसने बताया कि नशे की तीव्र तलब के चलते उसने वारदात को अंजाम दिया था।

पुलिस ने बरामद सामान की वीडियो कॉल के माध्यम से पुणे में मौजूद विकास वर्मा से पहचान कराई। विकास ने सामान को अपने घर से चोरी हुआ बताया। इसके बाद पुलिस ने चोरी गए सोने-चांदी के जेवरात, कैमरा, हेयर ड्रायर और नकदी समेत करीब 70 हजार रुपये का शत-प्रतिशत सामान जब्त कर लिया। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया जा रहा है।

यह कार्रवाई पुलिस उपमहानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर पंकज पटेल और नगर पुलिस अधीक्षक सरकंडा तिलेश्वर प्रसाद यादव के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी प्रदीप कुमार आर्य के नेतृत्व में की गई।