सड़क पर गिरकर सिर में आई गंभीर चोट, मदद करने के बजाय भाग निकले स्कूटी सवार
बिलासपुर। सरकंडा के नूतन चौक पर शुक्रवार दोपहर सड़क पार कर रहे 65 वर्षीय बुजुर्ग को तेज रफ्तार स्कूटी ने टक्कर मार दी। टक्कर लगने से बुजुर्ग सिर के बल सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों ने उन्हें तत्काल सिम्स पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। हादसे के बाद स्कूटी सवार दोनों लोग मौके से फरार हो गए। पूरी घटना पास में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस फुटेज के आधार पर स्कूटी सवारों की तलाश कर रही है।
जानकारी के अनुसार, नूतन चौक स्थित अटल आवास निवासी धांधू कुर्मी (65) शुक्रवार दोपहर करीब पौने 2 बजे ऑटो से नूतन चौक पहुंचे थे। ऑटो से उतरने के बाद वह सड़क पार कर रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही स्कूटी ने उन्हें टक्कर मार दी। स्कूटी पर दो लोग सवार थे। टक्कर इतनी जोरदार थी कि धांधू सड़क पर गिर पड़े और उनके सिर में गंभीर चोट आई। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें सिम्स ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
सरकंडा थाना प्रभारी प्रदीप आर्य ने बताया कि मामले में मर्ग कायम कर लिया गया है। शनिवार को शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि स्कूटी सवारों की पहचान की जा सके।
दूर लगे कैमरे से स्कूटी का नंबर स्पष्ट नहीं
CCTV फुटेज में बुजुर्ग सड़क पार करते दिखाई दे रहे हैं। इसी दौरान स्कूटी उन्हें टक्कर मार देती है। कैमरा घटनास्थल से दूर लगा होने के कारण फुटेज की गुणवत्ता कम है। स्क्रीन पर रिफ्लेक्शन होने से स्कूटी का रजिस्ट्रेशन नंबर स्पष्ट नहीं हो पा रहा है। फुटेज में टक्कर के बाद दोनों स्कूटी सवार मौके से भागते दिखाई दे रहे हैं। पुलिस उनकी पहचान करने में जुटी है।
सड़क की खराब स्थिति और जेब्रा क्रॉसिंग की कमी भी चिंता का विषय
सिविल इंजीनियर अनिल कौशिक के मुताबिक, सरकंडा का नूतन चौक प्रमुख और व्यस्त जंक्शन है। यह राजकिशोर नगर, वसंत विहार, जबड़ापारा और मुख्य बाजार को जोड़ता है। यहां चारों ओर से वाहनों का दबाव रहता है। सड़क की ऊंचाई में उतार-चढ़ाव, डिवाइडर कट और व्यवस्थित जेब्रा क्रॉसिंग की कमी के कारण पैदल चलने वालों को सड़क पार करने में परेशानी होती है।
कौशिक के अनुसार, इस सड़क पर हर साल 50 से अधिक हादसे होते हैं। बीते साल दिसंबर में भी इसी क्षेत्र में देर रात नेक्सॉन कार और हाइवा की टक्कर में 2 लोगों की मौत हुई थी। लगातार हो रहे हादसों के बीच नूतन चौक पर यातायात व्यवस्था और पैदल राहगीरों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।