बिलासपुर। सरकंडा क्षेत्र के अशोक नगर में निर्माणाधीन मकान में हुई चोरी का पुलिस ने खुलासा करते हुए 27 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से चोरी की गई आर्टिफिशियल ज्वेलरी, मोबाइल और 2 पावर बैंक समेत करीब 27 हजार रुपए का सामान बरामद किया गया है। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार अशोक नगर निवासी सबिना बेगम 25 सितंबर की रात अपने परिवार के साथ निर्माणाधीन मकान में सोई थीं। मकान में दरवाजा नहीं लगा था और सुरक्षा के लिए त्रिपाल लगाया गया था। 26 सितंबर की सुबह करीब 6 बजे उठने पर उन्होंने देखा कि कपड़ों के बैग में रखी आर्टिफिशियल ज्वेलरी, मंगलसूत्र और पायल गायब हैं। साथ ही पड़ोसी रईस खान का मोबाइल और पावर बैंक भी चोरी हो गया था। रिपोर्ट पर सरकंडा पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि कैलाश साहू चोरी का सामान बेचने के लिए ग्राहक की तलाश कर रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने कैलाश साहू पिता संतोष साहू उर्फ डैनी (27), निवासी डीएलएस कॉलेज के पीछे मुरूम खदान, अशोक नगर, सरकंडा को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने चोरी करना स्वीकार किया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 2 पावर बैंक, जियो कंपनी का कीपैड मोबाइल, 21 नग बड़ी और 114 नग छोटी सिल्वर कलर की आर्टिफिशियल ज्वेलरी तथा 27 नग सोने के रंग के आर्टिफिशियल मंगलसूत्र बरामद किए हैं। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।