बिलासपुर। नगर निगम में विकास कार्यों के साथ अब प्रोटोकॉल और तस्वीरों को लेकर भी खींचतान सामने आने लगी है। व्यापार विहार के पंडित दीनदयाल उपाध्याय उद्यान और मधुबन मुक्तिधाम के विकास कार्यों के भूमिपूजन कार्यक्रम में लगाए गए फ्लैक्स से नगर निगम अध्यक्ष विनोद सोनी की तस्वीर गायब रहने पर विवाद खड़ा हो गया। फ्लैक्स में विधायक अमर अग्रवाल और महापौर पूजा विधानी की तस्वीरें लगाई गई थीं, लेकिन निगम अध्यक्ष की तस्वीर नहीं थी। इसे लेकर सभापति सोनी ने कार्यक्रम के बाद नाराजगी जताते हुए निगम आयुक्त को पत्र लिखकर आपत्ति दर्ज कराने की बात कही है।

भूमिपूजन कार्यक्रम में विकास कार्यों की चर्चा से ज्यादा फ्लैक्स से अध्यक्ष की तस्वीर गायब रहने का मुद्दा चर्चा में रहा। सभापति सोनी ने मौके पर मौजूद जोन के अधिकारियों से पूछा कि फ्लैक्स में उनकी तस्वीर क्यों नहीं लगाई गई। इस पर जोन कमिश्नरों ने बताया कि फ्लैक्स विकास भवन से तैयार होकर आया है।

‘पहली बार नहीं हुआ ऐसा’, आयुक्त को लिखेंगे पत्र

नगर निगम अध्यक्ष विनोद सोनी ने इसे महज सामान्य चूक मानने से इनकार किया है। उनका कहना है कि यह पहली बार नहीं है, जब उनके साथ ऐसा हुआ हो। उन्होंने आरोप लगाया कि एमआईसी की बैठकों के बाद मीडिया को जारी किए जाने वाले फोटो में भी कई बार उनका फोटो क्रॉप कर दिया जाता है।

सोनी ने कहा कि निर्वाचित पदाधिकारी के साथ इस तरह का व्यवहार स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने निगम आयुक्त को कड़े शब्दों में पत्र लिखकर अपनी आपत्ति दर्ज कराने की बात कही है।

अध्यक्ष ने उठाए तीन सवाल

फ्लैक्स विवाद के बाद निगम के निर्वाचित पदाधिकारियों के प्रोटोकॉल और सम्मान को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। सभापति सोनी ने मुख्य रूप से तीन सवाल उठाए हैं—

  • निगम के आधिकारिक कार्यक्रम के फ्लैक्स में अध्यक्ष की तस्वीर क्यों नहीं लगाई गई?
  • यदि यह डिजाइन या प्रिंटिंग की गलती थी तो एमआईसी की बैठकों के बाद जारी तस्वीरों में भी उनका फोटो क्रॉप क्यों किया जाता है?
  • निर्वाचित पदाधिकारियों की तस्वीरों और प्रोटोकॉल को लेकर निगम में कोई स्पष्ट व्यवस्था है या नहीं?

2.35 करोड़ से दीनदयाल उद्यान का कायाकल्प

भूमिपूजन कार्यक्रम के दौरान बताया गया कि व्यापार विहार स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय उद्यान के पुनर्विकास पर करीब 2.35 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। इसके तहत उद्यान में हरित क्षेत्र के विकास, लाइटिंग, नाली निर्माण, वाटर हार्वेस्टिंग, नागरिक सुविधाओं में सुधार, रंग-रोगन और प्रतिमा के सौंदर्यीकरण सहित विभिन्न कार्य किए जाएंगे।

वहीं 40 लाख रुपए की लागत से मधुबन मुक्तिधाम परिसर का जीर्णोद्धार और आवश्यक सुविधाओं का विकास किया जाएगा। दोनों कार्यों की कुल लागत करीब 2.75 करोड़ रुपए बताई गई है।

अमर अग्रवाल ने गुणवत्ता के साथ समय पर काम पूरा करने कहा

भूमिपूजन के बाद विधायक अमर अग्रवाल ने विकास कार्यों को शहर की नागरिक सुविधाओं से जोड़ते हुए अधिकारियों को काम समय पर पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्माण कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने की बात कही।

हालांकि कार्यक्रम खत्म होने के बाद विकास कार्यों से ज्यादा चर्चा उस फ्लैक्स की होती रही, जिसमें निगम के निर्वाचित अध्यक्ष की तस्वीर नहीं थी। एक ओर शहर को उद्यान और मुक्तिधाम के विकास की सौगात मिलने जा रही है, वहीं दूसरी ओर निगम के भीतर तस्वीर और प्रोटोकॉल को लेकर उठे सवालों ने राजनीतिक खींचतान को सामने ला दिया है।

विनोद सोनी, सभापति, नगर निगम ने कहा—

“व्यापार विहार और मधुबन में भूमिपूजन कार्यक्रम में लगाए गए फ्लैक्स में मेरी तस्वीर नहीं थी। मैं आयुक्त को कड़े शब्दों में चिट्ठी लिखकर आपत्ति दर्ज कराऊंगा।”