जांजगीर-चांपा | अकलतरा नगर पालिका कार्यालय में घुसकर कर्मचारी से गाली-गलौच और मारपीट करने के मामले में पुलिस ने 42 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। आरोपी पर शासकीय कार्य में बाधा डालने, दस्तावेज फाड़ने, जान से मारने की धमकी देने और पत्थर से कर्मचारी के सिर पर वार करने का आरोप है।

पुलिस के अनुसार 15 सितंबर को दोपहर करीब 3 बजे नगर पालिका कार्यालय में कर्मचारी शासकीय कार्य कर रहा था। इसी दौरान वार्ड क्रमांक 11 निवासी मनोज कुमार टण्डन शराब के नशे में कार्यालय पहुंचा और कर्मचारी के साथ अभद्र व्यवहार करते हुए गाली-गलौच और मारपीट करने लगा। इस दौरान उसने शासकीय दस्तावेज भी फाड़ दिए और कार्यालय के काम में बाधा डाली।

इसके बाद आरोपी दोबारा कार्यालय पहुंचा और कर्मचारी से इस बात को लेकर विवाद करने लगा कि उसके खिलाफ पुलिस में रिपोर्ट क्यों दर्ज कराई गई। विवाद बढ़ने पर उसने गाली-गलौच करते हुए जान से मारने की धमकी दी और पास पड़े पत्थर से कर्मचारी के सिर पर वार कर दिया। हमले में कर्मचारी के सिर से खून निकलने लगा। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

शिकायत पर अकलतरा पुलिस ने मामले में संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की। आरोपी के अकलतरा क्षेत्र में घूमने की सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने दबिश देकर उसे हिरासत में लिया। पूछताछ के बाद पुलिस ने आरोपी मनोज कुमार टण्डन (42), निवासी वार्ड क्रमांक 11, आजाद चौक अकलतरा को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।

कार्रवाई में निरीक्षक जय कुमार साहू, उप निरीक्षक बीएल कोसरिया सहित थाना अकलतरा के पुलिसकर्मियों का योगदान रहा।