बिलासपुर। महिला सशक्तिकरण, नेतृत्व, नवाचार एवं समाजहित के क्षेत्र में किए जा रहे प्रेरणादायक कार्यों के लिए बिंदु सिंह कछवाहा को छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग, रायपुर द्वारा आयोजित “नारी शक्ति सम्मान समारोह-2026” में ‘नारी शक्ति सम्मान’ से सम्मानित किया गया। इस सम्मान को उन्होंने गौरव के साथ-साथ नई जिम्मेदारी और समाज के प्रति अपने दायित्व को और मजबूत करने वाला अवसर बताया।
समारोह में महिला सशक्तिकरण के लिए उल्लेखनीय कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया गया। सम्मान प्राप्त करने के बाद बिंदु सिंह कछवाहा ने कहा कि यह सम्मान उनके लिए उपलब्धि की अंतिम सीढ़ी नहीं, बल्कि निरंतर सार्थक कार्य करते रहने के विश्वास की स्वीकृति है। उन्होंने कहा कि सच्चा सम्मान वही है, जो अहंकार बढ़ाने के बजाय जिम्मेदारी और आगे बढ़ने का संकल्प मजबूत करे।
उन्होंने महिलाओं के स्वास्थ्य, आत्मसम्मान, आत्मनिर्भरता और सशक्त भविष्य के लिए अपने प्रयासों को और गति देने की प्रतिबद्धता व्यक्त की। उनका कहना है कि एक सशक्त महिला केवल अपने जीवन को बेहतर नहीं बनाती, बल्कि अपने परिवार और समाज की सोच को भी नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
बिंदु सिंह कछवाहा ने इस गरिमामयी सम्मान के लिए छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग, रायपुर एवं समारोह के आयोजकों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान उनके नाम से जुड़ा केवल गौरव नहीं, बल्कि उनके कर्मों के साथ जुड़ी नई जिम्मेदारी है। सम्मान के बाद उन्होंने महिला सशक्तिकरण और समाजहित के कार्यों को और मजबूती से आगे बढ़ाने का संकल्प दोहराया।