बिलासपुर। सीपत थाना क्षेत्र में नाबालिग बालिका से दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस और पॉक्सो एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार, 27 अगस्त 2026 को पीड़िता थाना सीपत पहुंची और लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में आरोप लगाया गया कि लक्ष्मी नारायण यादव (26), निवासी कौड़िया बंधवापारा, थाना सीपत उसके घर के बाथरूम में घुसा और उसके साथ जबरदस्ती दुष्कर्म किया।

पीड़िता की शिकायत पर सीपत पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 470/2026 के तहत धारा 64(2)(एम) बीएनएस तथा धारा 4 और 6 पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपमहानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह ने महिला एवं बच्चों से संबंधित अपराधों में त्वरित एवं सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। निर्देशों के तहत सीपत थाना प्रभारी ने पुलिस टीम गठित कर आरोपी की तलाश शुरू की।

पुलिस टीम ने आरोपी के ठिकाने का पता लगाकर उसे हिरासत में लिया और पूछताछ के लिए थाना लाया। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपराध स्वीकार किया, जिसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

पुलिस ने बताया कि महिला एवं बच्चों से संबंधित अपराधों में त्वरित कार्रवाई की जा रही है और ऐसे मामलों में आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।