बिलासपुर। साइबर ठगी की रकम के लेन-देन में इस्तेमाल किए जा रहे म्यूल बैंक खातों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए तारबाहर पुलिस और ACCU बिलासपुर की टीम ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान विश्वजीत बाली (33), निवासी हेमू नगर, तहसीलदार गली, थाना तोरवा, बिलासपुर के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, पुलिस मुख्यालय रायपुर से मिले निर्देशों के बाद संदिग्ध म्यूल बैंक खातों की जांच की जा रही है। इसी दौरान भारत सरकार के साइबर पोर्टल पर एक्सिस बैंक के खाता नंबर 924020055482571 के खिलाफ विभिन्न शिकायतें प्राप्त हुईं। शिकायतों के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान बैंक खाते के स्टेटमेंट का अवलोकन करने पर पता चला कि खाते में साइबर धोखाधड़ी की रकम के साथ अन्य राशि भी जमा हो रही थी। इस रकम को UPI और ATM के माध्यम से निकाला जा रहा था। पुलिस ने खाते के धारक विश्वजीत बाली को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है।
पुलिस के मुताबिक, साइबर ठगी में इस्तेमाल होने वाले म्यूल खातों के जरिए ठगी की रकम को एक खाते से दूसरे खाते में भेजने और निकालने का काम किया जाता है। ऐसे खातों के धारकों के खिलाफ जांच कर कार्रवाई की जा रही है।