बिलासपुर। साइबर ठगी के लिए बैंक खाते उपलब्ध कराने और म्यूल अकाउंट के जरिए धोखाधड़ी की रकम इधर-उधर करने के मामले में सकरी पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान भानूप्रताप मानिकपुरी (32 वर्ष) के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से 1950 रुपये नकद और ओप्पो कंपनी का एक मोबाइल फोन जब्त किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, रायपुर मुख्यालय से म्यूल बैंक खातों की जांच कर कार्रवाई करने के निर्देश मिलने के बाद बिलासपुर पुलिस संदिग्ध बैंक खातों की पड़ताल कर रही है। इसी दौरान पुलिस पोर्टल समन्वय (JMIS) के माध्यम से बैंक ऑफ महाराष्ट्र की सकरी शाखा स्थित एक संदिग्ध खाते की जानकारी मिली। जांच में सामने आया कि इस बैंक खाते के खिलाफ करीब 18 साइबर ठगी संबंधी शिकायतें दर्ज हैं।
उक्त बैंक खाता श्रीधाम यात्रा सेवा समिति के नाम से पंजीकृत था। पुलिस जांच में खाते का प्रोपराइटर उपेंद्र सिंह निवासी आसमा सिटी, सकरी पाया गया। मामले में पुलिस ने पहले ही उपेंद्र सिंह को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया था।
विवेचना के दौरान भानूप्रताप मानिकपुरी की भूमिका भी सामने आई। आरोप है कि उसने खुद और अन्य लोगों के बैंक खाते अधिक मुनाफा कमाने का लालच देकर उपलब्ध कराए और इन खातों का इस्तेमाल साइबर ठगी की रकम के लेन-देन में किया गया। इसके बाद सकरी पुलिस ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी मूलतः पुटपुरा, थाना नांदघाट, जिला बेमेतरा का निवासी है और वर्तमान में बछेरापारा तिफरा में रह रहा था। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर पुलिस ने उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
बैंक खाते किराये पर देना भी पड़ सकता है भारी
बिलासपुर पुलिस ने लोगों से अपील की है कि अधिक मुनाफे या कमीशन के लालच में अपना बैंक खाता किसी दूसरे व्यक्ति को इस्तेमाल करने के लिए न दें। अनजान व्यक्तियों के कहने पर बैंक खाते में रकम जमा कराने या दूसरे खातों में ट्रांसफर करने से बचें। ऐसा करना साइबर अपराध में संलिप्तता का कारण बन सकता है। अपनी मेहनत की कमाई और बैंक खाते की सुरक्षा के लिए सतर्क रहें।