
बिलासपुर। तोरवा थाना क्षेत्र के मुर्रा भट्ठा मार्ग पर गुरुवार सुबह सड़क पर बैठे मवेशियों को बचाने के प्रयास में बाइक सवार युवक हादसे का शिकार हो गया। अचानक ब्रेक लगाने से बाइक अनियंत्रित होकर फिसल गई और युवक सड़क पर जा गिरा। इसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। गंभीर रूप से घायल युवक को उपचार के लिए सिम्स अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
तोरवा थाना प्रभारी रजनीश सिंह के अनुसार, तखतपुर क्षेत्र के ग्राम दरीं निवासी दिलहरण कैवर्त (24) गुरुवार सुबह करीब 8:30 बजे अपनी ससुराल से बाइक पर निकला था। वह मुर्रा भट्ठा मार्ग से गुजर रहा था। इसी दौरान सड़क पर अचानक मवेशी सामने आ गए। उन्हें बचाने के लिए दिलहरण ने बाइक में ब्रेक लगाया, जिससे बाइक अनियंत्रित होकर फिसल गई और वह सड़क पर गिर पड़ा।
दिलहरण संभल पाता, इससे पहले ही पीछे से आ रहे तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल उसे सिम्स अस्पताल पहुंचाया, लेकिन उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही तोरवा पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले गए हैं। फुटेज के आधार पर पुलिस को हादसे में शामिल वाहन के संबंध में महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं। पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है।