बिलासपुर। नेशनल हाईवे-130 पर ग्राम गतौरी के पास मंगलवार शाम मवेशी से टकराकर बाइक सवार मामा-भांजा सड़क पर गिर गए। इसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार हाइवा ने दोनों को कुचल दिया। हादसे में मामा शेखर मरकाम की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि भांजा रंजित मार्को गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए सिम्स में भर्ती कराया गया है।

हादसा शाम करीब 6:30 बजे हुआ। शेखर मरकाम अपने भांजे रंजित मार्को के साथ बाइक से रतनपुर की ओर जा रहे थे। ग्राम गतौरी के पास सड़क पर बैठे मवेशी से उनकी बाइक टकरा गई। टक्कर लगते ही दोनों सड़क पर गिर पड़े। इसी बीच पीछे से आ रहे हाइवा ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। हाइवा की चपेट में आने से शेखर के सिर में गंभीर चोट आई और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

घटना की सूचना मिलने पर कोनी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने 112 की मदद से घायल रंजित को सिम्स पहुंचाया। वहीं, मृतक के शव को पंचनामा कार्रवाई के बाद सिम्स की मर्च्युरी में रखवा दिया गया।