बिलासपुर। प्रतिबंधित नशीली कैप्सूल और टेबलेट की तस्करी के मामले में सीपत पुलिस और एसीसीयू बिलासपुर की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए उत्तर प्रदेश के मथुरा से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर बिलासपुर लाकर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
मामले में पुलिस ने 11 सितंबर को मुखबिर की सूचना पर ग्राम गुड़ी लोनिया पारा निवासी उग्रसेन लोनिया, मुकेश कुमार लोनिया और परमेश्वर लोनिया उर्फ कोंदा को गिरफ्तार किया था। आरोपियों के कब्जे से 4743 नग प्रतिबंधित नशीली कैप्सूल और टेबलेट बरामद की गई थीं। इनका कुल वजन 2495.64 ग्राम था। इसके अलावा 2 मोबाइल भी जब्त किए गए थे। बरामद सामान और मोबाइल की कुल कीमत करीब 19.17 लाख रुपए बताई गई थी।
पुलिस ने मामले की एण्ड टू एण्ड विवेचना आगे बढ़ाई तो गिरफ्तार आरोपियों के मथुरा, उत्तर प्रदेश निवासी राहूल अग्रवाल से संपर्क कर नशीली दवाएं मंगाने की जानकारी सामने आई। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस टीम ने आरोपी के मथुरा के गोविंद नगर स्थित ठिकाने की जानकारी जुटाई।
वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर सीपत थाना और एसीसीयू की संयुक्त टीम मथुरा पहुंची और घेराबंदी कर राहूल अग्रवाल (46) को पकड़ लिया। पूछताछ में उसके द्वारा अपराध स्वीकार किए जाने पर पुलिस ने उसे विधिवत गिरफ्तार किया। इसके बाद ट्रांजिट रिमांड पर बिलासपुर लाकर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर पंकज पटेल और नगर पुलिस अधीक्षक सरकंडा तिलेश्वर प्रसाद यादव के मार्गदर्शन में की गई।