चकरभाठा सीएसपी कार्यालय में कानून व्यवस्था और STF का काम संभालेंगे खाखा

बिलासपुर। मस्तूरी क्षेत्र में बढ़ते अपराध और पुलिस के रिस्पांस टाइम को लेकर सामने आ रही शिकायतों के बीच एसएसपी रजनेश सिंह ने मस्तूरी टीआई सलीम खाखा को हटा दिया है। उनकी जगह चकरभाठा सीएसपी कार्यालय में अटैच निरीक्षक कपिल देव चंद्रा को मस्तूरी थाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। खाखा अब चकरभाठा सीएसपी अनुविभाग में कानून व्यवस्था और STF का काम संभालेंगे।

एसएसपी ने मंगलवार को 2 निरीक्षकों का तबादला आदेश जारी किया। आदेश के मुताबिक निरीक्षक कपिल देव चंद्रा को मस्तूरी थाना प्रभारी बनाया गया है, जबकि सलीम खाखा को चकरभाठा सीएसपी कार्यालय में पदस्थ किया गया है। यह स्थानांतरण प्रशासनिक कारणों से अस्थाई तौर पर आगामी आदेश तक तत्काल प्रभाव से किया गया है। दोनों अधिकारियों को नए पद पर तत्काल कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं।

5 हजार रुपए वसूली की शिकायत भी सामने आई थी

मस्तूरी थाने में अपनी समस्या लेकर पहुंचे एक प्रार्थी ने पुलिसकर्मियों पर बदसलूकी, मारपीट और झूठे केस में फंसाने की धमकी देकर 5 हजार रुपए वसूलने का आरोप लगाते हुए एसएसपी से शिकायत की थी। शिकायत की जांच में आरोप गलत पाए गए। हालांकि स्थानीय स्तर पर इस शिकायत को भी टीआई को हटाए जाने से जोड़कर देखा जा रहा है। वहीं मस्तूरी सीएसपी ने शिकायत को टीआई के तबादले का कारण मानने से इनकार किया है।