8 दिन बाद पुलिस ने किया बरामद, बयान दर्ज कर परिजनों को सौंपा

बिलासपुर। मोपका की शिवम वाटिका कॉलोनी से लापता हुई 32 वर्षीय हिमांशु कुर्रे को सरकंडा पुलिस ने पंजाब के अमृतसर से सकुशल बरामद कर लिया है। 2 अक्टूबर को बच्चे को ट्यूशन छोड़ने घर से निकली महिला 8 दिन बाद मिली। पुलिस ने मोबाइल लोकेशन के आधार पर उनकी तलाश की और अमृतसर से बिलासपुर लाने के बाद बयान दर्ज कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया।

पुलिस के अनुसार, महिला ने अपने बयान में पति से विवाद के बाद ट्रेन से अमृतसर जाने की बात कही है। महिला के लापता होने के बाद परिजन लगातार उनकी तलाश कर रहे थे। काफी खोजबीन के बाद भी पता नहीं चलने पर उन्होंने सरकंडा थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। महिला का मोबाइल बंद होने के कारण उनकी तलाश में परेशानी आ रही थी।

मोबाइल लोकेशन से मिला अमृतसर का सुराग

शिकायत मिलने के बाद सरकंडा पुलिस ने महिला की तलाश शुरू की। जांच के दौरान मोबाइल लोकेशन से उनके अमृतसर में होने का पता चला। इसके बाद पुलिस की एक टीम पंजाब भेजी गई। टीम ने लोकेशन के आधार पर महिला को तलाश कर सकुशल बरामद कर लिया। इसके बाद उन्हें बिलासपुर लाया गया।

बयान दर्ज कर परिजनों को सौंपा

बिलासपुर पहुंचने के बाद पुलिस ने महिला का बयान दर्ज किया। इसमें पति से विवाद के बाद घर से निकलकर ट्रेन से अमृतसर पहुंचने की बात सामने आई। आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद पुलिस ने महिला को उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। आठ दिनों से लापता महिला के सकुशल मिलने पर परिवार ने राहत की सांस ली।

बताया गया है कि महिला के पति हरीश कुर्रे रेलवे में कार्यरत हैं, जबकि उनके पिता पुलिस विभाग में उपनिरीक्षक के पद से सेवानिवृत्त हुए हैं। सरकंडा थाना प्रभारी प्रदीप कुमार आर्य ने महिला को अमृतसर से सकुशल बरामद करने और बयान दर्ज करने के बाद परिजनों को सौंपने की पुष्टि की है।