बिलासपुर। सरकंडा थाना क्षेत्र की मोपका चौकी प्रभारी ओपी कुर्रे पर चोरी के जेवर के मामले में एक आरोपी को कथित तौर पर 2 लाख रुपए लेकर चौकी से छोड़ने का आरोप लगा है। मोपका निवासी सरोज सूर्यवंशी ने एसएसपी रजनेश सिंह को लिखित शिकायत देकर पूरे मामले की जांच कराने और आरोप सही पाए जाने पर कार्रवाई की मांग की है। शिकायत के बाद पुलिस अधिकारियों ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

शिकायत में सरोज सूर्यवंशी ने बताया है कि उसके पति विनोद की मोपका निवासी पोसो से पहले से जान-पहचान थी। पोसो ने सोने के जेवर को अपना बताते हुए उसे बेचने की बात कही थी। विनोद ने उसकी मदद करने के लिए पोसो की मुलाकात शिव प्रसाद सोनी से कराई। शिकायतकर्ता के मुताबिक, उस समय विनोद को जानकारी नहीं थी कि उक्त जेवर चोरी के हैं।

बाद में चोरी के जेवर होने की जानकारी सामने आने पर पुलिस ने मामले में पूछताछ की। शिकायत के अनुसार विनोद ने पूछताछ में पोसो और शिव प्रसाद सोनी के नाम बताए। महिला का आरोप है कि उसके पति विनोद को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया, जबकि शिव प्रसाद सोनी को चौकी से ही छोड़ दिया गया।

बेटे से 2 लाख रुपए लेने का लगाया आरोप

सरोज ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि शिव प्रसाद सोनी के बेटे विनायक से 2 लाख रुपए लेकर उसके पिता शिव प्रसाद सोनी को चौकी से छोड़ दिया गया। महिला ने इस पूरे घटनाक्रम की जांच कराने की मांग की है। शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि शिव प्रसाद सोनी के खिलाफ वर्ष 2017 में सरकंडा थाने में धोखाधड़ी, कूटरचना समेत अन्य धाराओं में अपराध दर्ज होने की जानकारी सामने आई है।

महिला ने एसएसपी से मांग की है कि चोरी के जेवर के मामले में की गई कार्रवाई के साथ ही आरोपी को छोड़े जाने के पीछे की पूरी प्रक्रिया और लगाए गए आरोपों की निष्पक्ष जांच कराई जाए।

शिकायत मिली, जांच जारी

एडिशनल एसपी सिटी पंकज पटेल ने कहा कि मोपका चौकी प्रभारी के खिलाफ शिकायत प्राप्त हुई है। मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

नोट: चौकी प्रभारी पर लगाए गए 2 लाख रुपए लेने के आरोप फिलहाल शिकायतकर्ता के आरोप हैं। पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही इन आरोपों की पुष्टि या खंडन हो सकेगा।