बिलासपुर। सीपत थाना क्षेत्र के नवाडीह स्थित मोबाइल टावर के स्टोर रूम का ताला तोड़कर 7 बैटरियां चोरी करने के मामले में पुलिस ने 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें चोरी की बैटरियां खरीदने वाला आरोपी भी शामिल है। पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार, मध्यप्रदेश के रीवा जिले के मऊगंज निवासी अनुप पटेल (22) पिछले 6 महीने से आइडिया कंपनी में टेक्नीशियन के रूप में काम कर रहा है। नवाडीह स्थित तिवारी चाल में कंपनी का मोबाइल टावर है, जहां स्टोर रूम में अमर राजा कंपनी की 7 बैटरियां रखी थीं। अज्ञात व्यक्ति स्टोर रूम का ताला तोड़कर सभी बैटरियां चोरी कर ले गया था। शिकायत पर सीपत पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

पूछताछ में सामने आए नाम, खरीदार भी गिरफ्तार

चोरी की घटना की जांच के दौरान पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर प्रमोद पटेल, संतोष सिदार, मन्नू सिंह चौहान, राजेंद्र यादव और देवी प्रसाद यादव को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपियों ने 7 बैटरियां चोरी कर झलमला निवासी अरमानुद्दीन को बेचने की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस ने पांचों कथित चोरों के साथ बैटरियां खरीदने के आरोपी अरमानुद्दीन को भी गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों में प्रमोद पटेल (45), संतोष सिदार (55), मन्नू सिंह चौहान उर्फ लक्ष्मण सिंह (50), राजेंद्र यादव उर्फ सुखदेव यादव (40) और देवी प्रसाद यादव (30), सभी निवासी नवाडीह क्षेत्र, तथा अरमानुद्दीन (42), निवासी झलमला शामिल हैं।

पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर सीपत पुलिस ने संपत्ति संबंधी अपराधों में आरोपियों की गिरफ्तारी और चोरी की संपत्ति बरामद करने के लिए कार्रवाई की। मामले में सभी 6 आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।