बिलासपुर। बेलगहना क्षेत्र के ग्राम सक्तीबहरा बांधपारा में मोबाइल वापस मांगने पहुंचे युवक पर उसके जीजा ने खौलता हुआ तेल उड़ेल दिया। गर्म तेल से युवक का चेहरा, सिर, गाल और नाक बुरी तरह झुलस गए। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी जीजा के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, सक्तीबहरा बांधपारा निवासी दुर्गेश कुमार कोल (29) राजमिस्त्री का काम करता है। करीब एक महीने पहले उसने अपना मोबाइल फोन जीजा नारायण कोल को चलाने के लिए दिया था। शनिवार सुबह करीब 10 बजे दुर्गेश मोबाइल वापस लेने के लिए नारायण के होटल पहुंचा। उस समय नारायण होटल में समोसा तल रहा था।

दुर्गेश ने जब अपना मोबाइल वापस मांगा तो नारायण ने उस पर शराब के नशे में विवाद करने का आरोप लगाते हुए वहां से चले जाने को कहा। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि विवाद के दौरान नारायण ने गाली-गलौज करते हुए समोसा बनाने की कढ़ाही में रखा खौलता हुआ तेल दुर्गेश के सिर और चेहरे पर उड़ेल दिया।

गर्म तेल पड़ते ही दुर्गेश बुरी तरह झुलस गया। उसके चेहरे और सिर की त्वचा भी झुलसकर छिल गई। घटना के बाद पीड़ित ने पुलिस थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी नारायण कोल के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर घटना की जांच शुरू कर दी है।