बिलासपुर। टिकरापारा के यादव मोहल्ले में मोबाइल को लेकर हुए विवाद में एक युवक पर चाकू से हमला करने के मामले में सिटी कोतवाली पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल धारदार चाकू भी बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार टिकरापारा यादव मोहल्ला निवासी हिमांशु कश्यप 19 सितंबर की रात करीब 9.30 बजे आरोपी दीप कश्यप उर्फ दुर्लभ कश्यप से मोबाइल लेकर बात कर रहा था। काफी देर तक मोबाइल पर बात करने से नाराज आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए हिमांशु से मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी।

आरोप है कि आरोपी चाकू लेकर हिमांशु के पीछे दौड़ा और टिकरापारा में संतोष पान ठेला के पास उसे जान से मारने की धमकी देते हुए चाकू से वार कर दिया। हमले में हिमांशु के बाएं हाथ में चोट आई।

शिकायत के बाद सिटी कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी दीप कश्यप (21) निवासी यादव मोहल्ला, टिकरापारा को उसके घर पर दबिश देकर गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने घटना करना स्वीकार किया। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल धारदार चाकू जब्त किया। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।