बिलासपुर। चकरभाठा थाना क्षेत्र में मदद के बहाने मोबाइल चोरी कर उसके स्क्रीन लॉक को खोलने और आधार की जानकारी के जरिए PhonePe व Paytm जैसे UPI ऐप को रीसेट कर बैंक खातों से 2.84 लाख रुपये निकालने के मामले में पुलिस ने 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 4 मोबाइल, पावर बैंक, चोरी की रकम से खरीदे गए कपड़े और 15 हजार रुपये नकद समेत करीब 75 हजार रुपये का सामान बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार, प्रार्थी सूरज सतनामी ने 25 सितंबर को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 8 सितंबर की रात करीब 11 बजे वह तेज बारिश के कारण चकरभाठा स्थित इंडियन कॉफी हाउस के पास रुका था। इसी दौरान वह अचानक बेहोश होकर गिर गया। होश आने पर उसे सिम्स अस्पताल में भर्ती होना पता चला, जबकि उसका दोस्त भी वहां नहीं था और मोबाइल गायब था। तबीयत खराब होने के कारण वह 2-3 दिन बाद घर पहुंचा और नया सिम मोबाइल में लगाया। इसके बाद उसे UPI ट्रांजेक्शन के मैसेज मिले, जिनसे पता चला कि उसके और उसकी मां के बैंक खातों से कुल 2.84 लाख रुपये निकाले जा चुके हैं।

मामले की जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले। गवाहों के बयान और बैंक से प्राप्त जानकारी के आधार पर संदिग्धों की पहचान कर पुलिस ने 4 लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की।

पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि उन्होंने संगठित तरीके से वारदात को अंजाम दिया। मदद करने के बहाने प्रार्थी और उसके दोस्त के मोबाइल चोरी किए। इसके बाद मोबाइल का स्क्रीन लॉक खोलकर गैलरी में रखी आधार कार्ड की फोटो से आधार नंबर की जानकारी हासिल की और उसी के जरिए PhonePe व Paytm आदि को रीसेट किया। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने प्रार्थी और उसकी मां के खाते से रकम निकालकर अलग-अलग खातों में ट्रांसफर की। रकम का कुछ हिस्सा ऑनलाइन गेमिंग प्लेटफॉर्म में लगाने तथा खाने-पीने और कार में घूमने में खर्च करने की बात भी सामने आई है।

पुलिस ने आरोपी विवेक वर्मा (20), करन नायक (18 वर्ष 9 माह), गौरी शंकर साहू उर्फ लालू (18 वर्ष 8 माह) और गगन उर्फ शिबू साहू (25), सभी चकरभाठा क्षेत्र निवासी, को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से 2 Vivo, 1 Poco और 1 iPhone समेत 4 मोबाइल, पावर बैंक, खरीदे गए कपड़े और 15 हजार रुपये नकद बरामद किए गए। जब्त संपत्ति की कुल कीमत करीब 75 हजार रुपये बताई गई है।

पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण श्रीमती मधुलिका सिंह और नगर पुलिस अधीक्षक चकरभाठा राजेश जोशी के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी निरीक्षक भावेश शेन्डे के नेतृत्व में की गई। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अवैध गतिविधि या अपराध की जानकारी मिलने पर डायल 112 अथवा नजदीकी थाने में सूचना देकर सहयोग करें।