रायपुर। नवा रायपुर में बुधवार शाम मंत्रालय से छुट्टी के बाद घर लौट रहे कर्मचारियों की बस अचानक आग की लपटों में घिर गई। देखते ही देखते आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया और बस धू-धूकर जलकर खाक हो गई। बस में मंत्रालय के कर्मचारी सवार थे, जिससे कुछ देर के लिए मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

जानकारी के अनुसार मंत्रालय कर्मचारियों को लेकर बस क्रमांक 3073 बुधवार शाम रवाना हुई थी। रास्ते में अचानक बस से आग की लपटें उठने लगीं। स्थिति को भांपते हुए चालक ने तत्काल बस रोक दी और सभी कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। इसके बाद आग तेजी से फैल गई और कुछ ही देर में पूरी बस जल गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी कर्मचारी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

बस में आग किस वजह से लगी, इसका तत्काल पता नहीं चल सका है। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है। आग लगने के वास्तविक कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।