मंडला। अमृत स्टेशन योजना के तहत मंडला फोर्ट-महाराजपुर रेलवे स्टेशन ने अब नया और आकर्षक रूप धारण कर लिया है। गति शक्ति यूनिट द्वारा किए गए विकास और सौंदर्यीकरण कार्यों के बाद स्टेशन परिसर में आधुनिक सुविधाओं के साथ मंडला की ऐतिहासिक विरासत की झलक भी दिखाई देने लगी है। पुराने स्टेशन भवन की पहचान को बरकरार रखते हुए इसकी वास्तुकला में मंडला फोर्ट की स्थापत्य शैली का प्रभाव उभारा गया है, जिससे पूरा परिसर इतिहास और आधुनिकता के सुंदर संगम के रूप में नजर आता है।


स्टेशन के प्रवेश क्षेत्र से लेकर भवन और प्लेटफॉर्म तक यात्रियों की सुविधा को केंद्र में रखते हुए कई बदलाव किए गए हैं। टू-व्हीलर, फोर-व्हीलर के साथ थ्री-व्हीलर वाहनों के लिए भी अलग पार्किंग व्यवस्था की गई है। पार्किंग क्षेत्रों में पॉलीकार्बोनेट शेड लगाए गए हैं, जो वाहनों को धूप और बारिश से बचाने के साथ परिसर को व्यवस्थित और आधुनिक स्वरूप प्रदान करते हैं।


यात्रियों की सुविधा के लिहाज से टिकट काउंटर क्षेत्र में भी महत्वपूर्ण बदलाव किया गया है। दिव्यांग यात्रियों के लिए अलग टिकट काउंटर तैयार किया गया है। स्टेशन के भीतर फर्स्ट क्लास और सेकंड क्लास वेटिंग हॉल बनाए गए हैं। प्लेटफॉर्म और स्टेशन परिसर में नए पैसेंजर शेल्टर तैयार करने के साथ मौजूदा शेल्टर का विस्तार किया गया है, जिससे मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों में यात्रियों को बेहतर सुविधा मिल सके।


मुख्य मार्ग से स्टेशन तक पहुंचने वाली सड़क को भी दुरुस्त किया गया है। नाली और जल निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाने पर विशेष ध्यान दिया गया है, ताकि बारिश के दिनों में जलभराव की समस्या से यात्रियों को परेशानी न हो। दिव्यांगजनों, महिलाओं और पुरुषों के लिए अलग-अलग शौचालयों की व्यवस्था भी की गई है।


स्टेशन भवन का फसाड वर्क और टेंसाइल स्ट्रक्चर इसकी बाहरी खूबसूरती को अलग पहचान देते हैं। परिसर में विकसित गार्डन, हरी घास और पौधों के बीच सजा स्टेशन अब पहले की तुलना में कहीं अधिक आकर्षक दिखाई देता है। भवन की साज-सज्जा में मंडला की ऐतिहासिक पहचान को भी विशेष स्थान दिया गया है। स्टेशन परिसर में किए गए आर्टवर्क के जरिए क्षेत्र के इतिहास, संस्कृति और पुरानी विरासत को जीवंत रूप में प्रस्तुत करने का प्रयास किया गया है।


विकास कार्यों के बाद मंडला फोर्ट-महाराजपुर स्टेशन की तस्वीर पूरी तरह बदल गई है। जहां पहले स्टेशन एक सामान्य रेलवे परिसर के रूप में नजर आता था, वहीं अब इसकी वास्तुकला, सुविधाएं और सौंदर्यीकरण इसे मंडला की पहचान से जोड़ते दिखाई देते हैं। नया स्वरूप स्थानीय लोगों और यात्रियों के लिए आकर्षण का केंद्र बना हुआ है और स्टेशन परिसर की तस्वीरें तथा वीडियो सोशल मीडिया पर भी साझा किए जा रहे हैं।


अमृत स्टेशन योजना के तहत तैयार इस नए स्वरूप का उद्घाटन प्रस्तावित है। विकास कार्य पूरा होने के बाद अब चुनौती इस भव्यता को लंबे समय तक बनाए रखने की है। स्थानीय लोगों और यात्रियों की अपेक्षा है कि रेलवे प्रबंधन स्टेशन की स्वच्छता, हरियाली, आर्टवर्क और आधुनिक सुविधाओं के नियमित रखरखाव पर भी उतना ही ध्यान दे, जितना इसके निर्माण और सौंदर्यीकरण पर दिया गया है।


मंडला फोर्ट-महाराजपुर स्टेशन अब केवल यात्रियों के आवागमन का पड़ाव नहीं, बल्कि मंडला की ऐतिहासिक स्मृतियों और आधुनिक विकास की तस्वीर को एक साथ प्रस्तुत करने वाला नया परिचय बनकर सामने आया है। जिसके शिघ्र ही लोकार्पण की अपेक्षा है।