बिलासपुर। तोरवा थाना क्षेत्र के देवरीडीह स्थित हनुमान मंदिर से चांदी का मुकुट चोरी करने वाले 2 आरोपियों को पुलिस ने 48 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी गया करीब 15 हजार रुपये कीमत का चांदी का मुकुट भी शत-प्रतिशत बरामद कर लिया है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, देवरीडीह के बुढ़ादेव नगर निवासी अविनाश वर्मा ने 8 नवंबर को तोरवा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि मोहल्ले के हनुमान मंदिर से 7 और 8 नवंबर की दरमियानी रात अज्ञात चोर भगवान हनुमान का चांदी का मुकुट चोरी कर ले गए हैं। शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने आरोपियों की शीघ्र पतासाजी के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल और नगर पुलिस अधीक्षक गगन कुमार के मार्गदर्शन में तोरवा पुलिस ने जांच के दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर शेखर ध्रुव (24) और जगेश्वर उर्फ जग्गू प्रधान (35), दोनों निवासी देवरीडीह बुढ़ादेव नगर, को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में दोनों ने मंदिर से मुकुट चोरी करना स्वीकार किया। उनकी निशानदेही पर चोरी गया चांदी का मुकुट बरामद कर लिया गया।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को 10 नवंबर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक विवेक कुमार पांडेय के मार्गदर्शन में प्रधान आरक्षक परवेश निसार, आरक्षक सरफराज खान और अजय शर्मा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।