बीट आरक्षक की सूचना पर पुलिस ने दी दबिश, नाबालिग के खिलाफ किशोर न्याय अधिनियम के तहत कार्रवाई
बिलासपुर। सिविल लाइन थाना क्षेत्र के मंदिर चौक के पास धारदार चाकू लेकर घूम रहे एक विधि से संघर्षरत नाबालिग को पुलिस ने पकड़ा है। बीट क्षेत्र में भ्रमण के दौरान आरक्षक को इसकी सूचना मिली थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर संदिग्ध को हिरासत में लिया और उसके खिलाफ किशोर न्याय अधिनियम के प्रावधानों के तहत कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर थाना क्षेत्र में लगातार पेट्रोलिंग और बीट भ्रमण किया जा रहा है। इसी दौरान 25 अक्टूबर 2026 को सूचना मिली कि मंदिर चौक के पास एक व्यक्ति धारदार चाकू लेकर घूम रहा है और किसी घटना को अंजाम दे सकता है।
सूचना से वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया। इसके बाद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर पंकज पटेल और नगर पुलिस अधीक्षक सिविल लाइन के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने बताए गए स्थान पर दबिश दी। मौके पर एक संदिग्ध घूमता मिला, जिसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। उसकी पहचान विधि से संघर्षरत नाबालिग के रूप में हुई।
पुलिस ने नाबालिग के विरुद्ध आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत प्रकरण में किशोर न्याय अधिनियम के प्रावधानों का पालन करते हुए कार्रवाई की। पुलिस के मुताबिक, क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पेट्रोलिंग और संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी जारी है।