बिलासपुर। मल्हार स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की बड़ी संख्या में छात्राएं गुरुवार को कलेक्ट्रेट पहुंचीं और स्कूल में कथित अनियमितताओं व व्यवस्थाओं को लेकर शिकायत दर्ज कराई। छात्राओं ने फीस के नाम पर वसूली, शासकीय योजनाओं का लाभ नहीं मिलने और शिक्षकों के व्यवहार को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं।

छात्राओं ने प्राचार्य वेद शुक्ला पर भी उचित तरीके से बातचीत नहीं करने और डांट-फटकार करने का आरोप लगाया। कुछ छात्राओं ने एक अन्य शिक्षक पर गलत नजर रखने का आरोप लगाते हुए कहा कि शिकायत करने पर उन्हें परीक्षा में फेल करने की धमकी दी जाती है। छात्राओं ने इन आरोपों की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

छात्राओं का आरोप है कि स्कूल में शिक्षा के नाम पर भी कथित तौर पर पैसे की मांग की जाती है। वहीं शासन की योजना के तहत मिलने वाले सैनिटरी पैड भी उन्हें नियमित और उचित तरीके से उपलब्ध नहीं कराए जाते। छात्राओं ने आरोप लगाया कि कुछ मामलों में एक्सपायरी सैनिटरी पैड भी दिए गए हैं।

कलेक्ट्रेट में छात्राओं की संख्या अधिक होने पर जिला शिक्षा अधिकारी संदीप पांडेय मौके पर पहुंचे। छात्राओं ने उन्हें अपनी समस्याएं बताईं और तत्काल निराकरण की मांग की। छात्राओं का कहना है कि स्कूल की व्यवस्थाओं को लेकर पहले भी शिकायतें की जा चुकी हैं और जांच हुई है, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ। इसी वजह से उन्हें दूर से आकर कलेक्ट्रेट में अपनी बात रखनी पड़ी।

छात्राओं ने स्कूल में शिक्षकों के बदलाव की मांग भी की। उनका कहना है कि स्कूल में अन्य गतिविधियां तो हो रही हैं, लेकिन पढ़ाई का माहौल प्रभावित हो रहा है।

मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला शिक्षा अधिकारी ने 3 सदस्यीय जांच टीम गठित कर दी है। टीम को स्कूल में लगाए गए आरोपों की जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। जिला शिक्षा अधिकारी ने कहा कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। छात्राओं द्वारा लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।