बिजली सप्लाई बंद होने का दिया था भरोसा, हादसे में तालाब में गिरा मजदूर; पुलिस ने मकान मालिक के खिलाफ दर्ज किया केस

बिलासपुर। मस्तूरी क्षेत्र के ग्राम बकरकुदा में मकान की छत ढलाई के दौरान 11 केवी बिजली लाइन की चपेट में आने से 35 वर्षीय मजदूर की मौत हो गई। बिजली सप्लाई बंद होने का भरोसा मिलने पर मजदूर लोहे की रॉड लेकर छत पर चढ़ रहा था। इसी दौरान रॉड हाईटेंशन तार से छू गई। करंट लगने से मजदूर उछलकर मकान के पीछे स्थित तालाब में जा गिरा। मामले में पुलिस ने मकान मालिक के खिलाफ लापरवाही का अपराध दर्ज किया है।

पुलिस के अनुसार, मल्हार क्षेत्र के ग्राम दलदली निवासी सुखचंद कुर्रे, पिता स्व. चैतराम कुर्रे, 24 जुलाई की सुबह करीब 9:30 बजे ग्राम बकरकुदा में मेलूराम नवरंगे के मकान में काम कर रहा था। मकान के पास से 11 हजार वोल्ट की बिजली लाइन गुजरती है। काम के दौरान मजदूरों ने बिजली लाइन से खतरा होने की आशंका जताई थी। इस पर मकान मालिक मेलूराम ने बिजली सप्लाई बंद करवाने की बात कही, जिसके बाद काम शुरू किया गया।

इसी दौरान सुखचंद लोहे की रॉड लेकर छत पर चढ़ रहा था। रॉड बिजली तार के संपर्क में आते ही वह करंट की चपेट में आ गया और उछलकर पीछे स्थित तालाब में गिर पड़ा। हादसे के बाद उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मस्तूरी ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने घटनास्थल पर जांच की और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए। जांच में मकान मालिक की लापरवाही सामने आने पर उसके खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।