बिलासपुर। रेलवे में प्लेसमेंट एजेंसी के माध्यम से काम कर रही एक महिला कर्मचारी ने रेलवे के एक अधिकारी पर गंभीर आरोप लगाते हुए रेल मंत्री, महिला आयोग और सीएम हेल्पलाइन 1076 में शिकायत की है। महिला का आरोप है कि अधिकारी उस पर जबरन शारीरिक संबंध बनाने का दबाव बना रहा है। विरोध करने पर नौकरी से निकालने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।


महिला ने सीएम हेल्पलाइन में दर्ज शिकायत में बताया है कि वह रेलवे के कंस्ट्रक्शन विभाग में अधिकारी रुखमैया मीणा के अधीन काम करती है। आरोप है कि संबंधित अधिकारी पद का कथित रूप से गलत फायदा उठाते हुए उस पर अनैतिक संबंध बनाने का दबाव बना रहा है।


महिला ने अपनी सुरक्षा और सम्मान को देखते हुए मामले में तत्काल कार्रवाई की मांग की है। सीएम हेल्पलाइन में दर्ज शिकायत को जांच के लिए जिला कार्यक्रम अधिकारी, महिला एवं बाल विकास विभाग को भेजा गया है। फिलहाल मामले की जांच प्रक्रियाधीन है। विभागीय अधिकारियों के अनुसार आरोपों की जांच के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।