बिलासपुर। सकरी स्थित महामाया मंदिर के पास तलवार लहराकर लोगों को डराने-धमकाने वाले युवक को सकरी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से एक धारदार तलवार जब्त की गई है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, 17 अक्टूबर की रात सूचना मिली थी कि सकरी निवासी इन्द्रकुमार साहू उर्फ इन्दु उर्फ बिट्टू साहू (27) महामाया मंदिर के पास लोहे की तलवार लहराकर लोगों को डरा-धमका रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया और तत्काल कार्रवाई करते हुए मौके पर घेराबंदी की। पुलिस ने आरोपी को पकड़कर उसके कब्जे से धारदार तलवार जब्त कर ली।

आरोपी इन्द्रकुमार साहू पुराना बाजार के पास, सकरी का निवासी है। उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।

पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज कुमार पटेल और नगर पुलिस अधीक्षक (सिविल लाइन) परमेश्वर तिलकवार के मार्गदर्शन में कार्रवाई की गई। सकरी थाना प्रभारी संजय सिंदे के नेतृत्व में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया।