बस्तियों में 10.11 करोड़ के विकास कार्य, निगम कर्मचारियों के लिए बनेंगे 16 नए पद
बिलासपुर। शहर की बस्तियों में सड़क और नाली जैसी बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के साथ नगर निगम में कर्मचारियों की पदोन्नति का रास्ता खोलने की तैयारी है। मेयर इन काउंसिल की बैठक में विकास और प्रशासनिक व्यवस्था से जुड़े कुल 16 प्रस्ताव रखे गए। इनमें 'बस्ती चलो अभियान' के तहत 10.11 करोड़ रुपये के विकास कार्य प्रमुख हैं। इसके अलावा जोन-5 में 5.61 करोड़ रुपये से सीसी रोड और आरसीसी नाली निर्माण तथा विधायक के आवेदनों पर 3.23 करोड़ रुपये के विकास कार्य कराने का प्रस्ताव शामिल है।
बैठक में शहर के सार्वजनिक स्थलों को नई पहचान देने के प्रस्ताव भी रखे गए। रायपुर रोड स्थित गुंबर पेट्रोल पंप के पास चौक पर दानवीर भामाशाह की आदमकद प्रतिमा स्थापित करने के लिए 15 लाख रुपये का प्रस्ताव शासन को भेजा जाएगा। महाराजा अग्रसेन मार्ग पर ब्रह्माकुमारीज राजयोग द्वार बनाने की भी योजना है। वहीं, नगर निगम में पदोन्नति की प्रतीक्षा कर रहे कर्मचारियों के लिए 16 नए पद सृजित करने की मांग शासन से की जाएगी। बैठक में मेयर पूजा विधानी, सभापति विनोद सोनी, एमआईसी सदस्य विजय ताम्रकार, निगम आयुक्त प्रकाश सर्वे सहित सभी जोन के अधिकारी मौजूद रहे।
पदोन्नति के लिए 16 नए पद बनाने की तैयारी
नगर निगम में लंबे समय से पदोन्नति का इंतजार कर रहे कर्मचारियों के लिए नए पद सृजित करने का प्रस्ताव महत्वपूर्ण है। इसके तहत सहायक अभियंता के 7, राजस्व निरीक्षक के 5, सहायक लेखाधिकारी के 2, राजस्व अधिकारी का 1 और मानचित्रकार का 1 पद बनाने की मांग की जाएगी। शासन से मंजूरी मिलने के बाद इन पदों पर पात्र कर्मचारियों की पदोन्नति का रास्ता खुल सकेगा।
भामाशाह की प्रतिमा और राजयोग द्वार से मिलेगी नई पहचान
शहर के सार्वजनिक स्थलों के विकास के तहत गुंबर पेट्रोल पंप के पास स्थित चौक पर दानवीर भामाशाह की आदमकद प्रतिमा स्थापित करने के लिए 15 लाख रुपये का प्रस्ताव शासन को भेजा जाएगा। इसके अलावा महाराजा अग्रसेन मार्ग पर ब्रह्माकुमारीज राजयोग भवन की ओर जाने वाली गली के मोड़ पर राजयोग द्वार बनाने की योजना है। देवकीनंदन चौक के संचालन और रखरखाव की जिम्मेदारी सामाजिक संस्था बिलासपुर राउंड टेबल 283 को सौंपने का प्रस्ताव भी रखा गया है। इसमें संस्था को प्रचार-प्रसार की अनुमति देने का प्रावधान शामिल है।
प्लेसमेंट कर्मचारियों की सेवावृद्धि पर भी फैसला
नगर निगम के वाहनों और पेट्रोल पंप संचालन के लिए तैनात 63 चालक और 54 हेल्परों की सेवाएं 3 महीने बढ़ाने के एवज में 54.94 लाख रुपये खर्च करने का प्रस्ताव है। जोन-2 में 78 प्लेसमेंट कर्मचारियों के लिए केजीएन इंजीनियरिंग, कोरबा की 1.44 करोड़ रुपये की न्यूनतम निविदा दर स्वीकार करने पर विचार होगा। इसी जोन में 68 प्लेसमेंट कर्मचारियों की सेवाएं नई निविदा प्रक्रिया पूरी होने तक 2 महीने बढ़ाने और इसके लिए 2.84 करोड़ रुपये की पुनरीक्षित राशि स्वीकृत करने का प्रस्ताव है।
जोन-6 में पंकज कंस्ट्रक्शन के माध्यम से कार्यरत 60 सफाई कर्मचारियों की सेवाएं 3 महीने बढ़ाने के लिए 23.74 लाख रुपये का प्रस्ताव रखा गया है। वहीं जोन-2 में 146 नाली सफाई श्रमिकों और सुपरवाइजरों के लिए सतीश कुमार सिंह की 2.58 करोड़ रुपये की न्यूनतम निविदा दर स्वीकार करने पर विचार किया जाएगा।