
जिला अस्पताल के डॉक्टरों ने समय रहते पहचानी बीमारी, रायपुर के श्री सत्य साईं संजीवनी अस्पताल में हुआ उपचार; अब पूरी तरह स्वस्थ है आराध्या
बिलासपुर। जन्म के साथ ही दिल में छेद जैसी गंभीर बीमारी से जूझ रही 11 माह की मासूम आराध्या को डॉक्टरों की तत्परता से नया जीवन मिला है। बार-बार खांसी आना, सांस फूलना और शरीर से अत्यधिक पसीना निकलना उसके लिए परेशानी का कारण बन रहा था। परिजन उसे लेकर जिला अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने सामान्य लक्षणों के पीछे छिपी जन्मजात हृदय संबंधी बीमारी की पहचान की। इसके बाद बच्ची को रायपुर रेफर किया गया। नवा रायपुर स्थित श्री सत्य साईं संजीवनी अस्पताल में विशेषज्ञ डॉक्टरों ने बिना चीरा लगाए कैथेटर के जरिए ऑपरेशन कर उसके दिल का 5 मिमी का छेद बंद कर दिया। उपचार के बाद अब आराध्या पूरी तरह स्वस्थ है।
आराध्या को राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (आरबीएसके) के तहत संचालित जिला शीघ्र हस्तक्षेप केंद्र (डीईआईसी) में लाया गया था। यहां शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. रमन जोगी ने जांच के दौरान बच्ची के हृदय में असामान्य आवाज (मर्मर) महसूस की। इसके बाद इकोकार्डियोग्राफी जांच कराई गई, जिसमें पेटेंट डक्टस आर्टेरियोसस (पीडीए) नामक जन्मजात हृदय रोग की पुष्टि हुई। इस बीमारी में जन्म के बाद हृदय से जुड़ी एक रक्त वाहिका खुली रह जाती है, जिससे रक्त प्रवाह प्रभावित होता है। बीमारी की गंभीरता को देखते हुए 13 अगस्त 2026 को बच्ची को बेहतर उपचार के लिए रायपुर रेफर किया गया।
बिना चीरा लगाए डिवाइस से बंद किया दिल का छेद
आराध्या को 5 अक्टूबर को नवा रायपुर के श्री सत्य साईं संजीवनी अस्पताल में भर्ती कराया गया। विशेषज्ञों की जांच में उसके हृदय में 5 मिमी का मध्यम आकार का पीडीए और फेफड़ों की धमनियों में बढ़ा हुआ दबाव (मॉडरेट पीएएच) पाया गया। डॉक्टरों की टीम ने 6 अक्टूबर को पीडीए डिवाइस क्लोजर प्रक्रिया के जरिए ऑपरेशन किया।
इस तकनीक की खासियत यह है कि इसमें सीने पर चीरा लगाने की जरूरत नहीं पड़ती। कैथेटर के माध्यम से हृदय तक पहुंचकर 8/10 मिमी का विशेष डिवाइस लगाया गया और खुली रक्त वाहिका को बंद कर दिया गया। ऑपरेशन के बाद जांच में डिवाइस सही स्थिति में पाया गया और किसी तरह का रिसाव नहीं मिला। बच्ची का ऑक्सीजन स्तर भी 99 प्रतिशत दर्ज किया गया।
एक महीने के फॉलोअप में मिली स्वस्थ
सफल ऑपरेशन के बाद 7 अक्टूबर को आराध्या को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। इसके बाद 12 नवंबर को जिला अस्पताल में एक महीने का फॉलोअप किया गया। जांच में बच्ची पूरी तरह स्वस्थ और सामान्य पाई गई। जिस मासूम को सांस लेने और बार-बार होने वाली खांसी की परेशानी थी, वह अब सामान्य जीवन की ओर लौट चुकी है।
इस पूरे उपचार और समय पर बीमारी की पहचान में जिला अस्पताल के सिविल सर्जन डॉ. एस. कुजूर के मार्गदर्शन में डॉ. रमन जोगी, डॉ. मंजू करण, हॉस्पिटल कंसल्टेंट डॉ. शैफाली कुमावत और डीईआईसी मैनेजर डॉ. अभिषेक बिबे की महत्वपूर्ण भूमिका रही। जिला अस्पताल के डॉक्टरों की शुरुआती जांच और समय पर रेफरल से मासूम को गंभीर बीमारी का उपचार मिल सका।