राजीव प्लाजा में तोड़फोड़ के आरोपी की पिटाई का वीडियो वायरल, पुलिस ने शुरू की जांच
बिलासपुर। शहर के राजीव प्लाजा स्थित डोसा दुकान में तोड़फोड़ के मामले से जुड़ा नया घटनाक्रम सामने आया है। तोड़फोड़ के आरोपित विक्की मानिकपुरी के साथ मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद तारबाहर पुलिस ने मामले में संज्ञान लेते हुए जांच शुरू कर दी है। पुलिस वायरल वीडियो की सत्यता की जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार, 26 अक्टूबर को शाहन चंद्रा ने थाना तारबाहर में लिखित आवेदन देकर शिकायत की थी कि विक्की मानिकपुरी ने राजीव प्लाजा स्थित डोसा दुकान में तोड़फोड़ की है। शिकायत के आधार पर पुलिस संबंधित व्यक्ति को थाने लेकर आई और पूछताछ की। इसके बाद उसके खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई।
वहीं, 27 अक्टूबर को सोशल मीडिया के माध्यम से विक्की मानिकपुरी के साथ मारपीट का वीडियो वायरल होने की जानकारी पुलिस को मिली। इसके बाद पुलिस ने तत्काल संज्ञान लेते हुए वीडियो की तस्दीक और घटना की वास्तविकता की जांच शुरू की है।
पुलिस का कहना है कि संबंधित व्यक्तियों से पूछताछ और उपलब्ध तथ्यों की पुष्टि के बाद नियमानुसार आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। अब जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि वायरल वीडियो में मारपीट की घटना कब और किन परिस्थितियों में हुई।