बिलासपुर। सकरी थाना क्षेत्र के ग्राम सांवाडबरा में मारपीट और जान से मारने की धमकी से परेशान एक युवक ने कीटनाशक पी लिया। गंभीर हालत में उसे मंगला स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने गांव के ही नानू जायसवाल उर्फ युगल के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार पीड़ित लालू यादव किसान है। उसकी मां दुर्गा यादव ने शिकायत में बताया कि 17 सितंबर को नानू जायसवाल ने लालू से गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी थी। इसके अगले दिन 18 सितंबर को दोनों के बीच फिर विवाद हुआ। आरोप है कि नानू ने लालू से मारपीट की और लोहे की रॉड से उसके सिर पर वार करने की कोशिश की।
घटना के बाद लालू ने अपनी बहन को फोन कर मारपीट से परेशान होने की बात बताई। इसी दौरान उसने कीटनाशक पी लेने की जानकारी दी। परिजन उसकी तलाश करते हुए हरपाल बांधा तालाब के पास पहुंचे, जहां लालू अचेत हालत में मिला। उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर घटना की परिस्थितियों और विवाद के कारणों की जांच शुरू कर दी है।