कमरे से शराब की बोतलें, दवाइयां और करीब 5 लाख रुपए नकद मिले; साथ मौजूद युवती से पूछताछ, विसरा जांच के लिए भेजा
रायपुर/चंडीगढ़। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के राइस मिलर और कारोबारी दीपक मित्तल की बुधवार सुबह चंडीगढ़ के सेक्टर-17 स्थित होटल ताज में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सुबह करीब 6 बजे उनकी तबीयत बिगड़ी। कमरे में मौजूद युवती ने शोर मचाकर होटल प्रबंधन को सूचना दी। होटल कर्मचारी तीसरी मंजिल स्थित कमरे में पहुंचे तो दीपक बिस्तर पर बेसुध मिले। उस समय उनकी सांसें चल रही थीं। उन्हें निजी वाहन से अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
पुलिस को घटनास्थल से शराब की आधी से ज्यादा खाली बोतलें, कुछ दवाइयां, करीब 5 लाख रुपए नकद और एक बैग मिला है। फोरेंसिक टीम ने मौके से फिंगरप्रिंट सहित अन्य नमूने जुटाए। चंडीगढ़ की एसएसपी कंवरदीप कौर ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। एसएचओ सुदेश कुमार और डीएसपी एसपीएस सौंधी जांच के लिए पहुंचे। पुलिस ने होटल के सीसीटीवी फुटेज जब्त कर जांच शुरू कर दी है।
युवती से पूछताछ के बाद छोड़ा
घटना के समय होटल के कमरे में मौजूद युवती से पुलिस ने लंबी पूछताछ की। उसकी पहचान, मोबाइल नंबर और अन्य जानकारियां दर्ज करने के बाद उसे छोड़ दिया गया। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि युवती कारोबारी से मिलने क्यों आई थी और उसे किसने बुलाया था। फिलहाल मौत के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है।
400 करोड़ की राशन किट परियोजना के सिलसिले में आए थे चंडीगढ़
दीपक मित्तल संजय ग्रेन प्रोडक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड के मैनेजिंग डायरेक्टर थे। उनकी कंपनी को पंजाब सरकार की ‘मेरी रसोई’ योजना के तहत करीब 400 करोड़ रुपए की राशन किट आपूर्ति का प्रोजेक्ट मिला है। इसी सिलसिले में वे चंडीगढ़ आए थे। बुधवार सुबह उन्हें सेक्टर-35 स्थित मार्कफेड कार्यालय में बैठक में शामिल होना था, लेकिन बैठक से पहले ही उनकी तबीयत बिगड़ गई।
पुलिस की प्रारंभिक जांच के अनुसार, रायपुर के राजीव नगर निवासी दीपक 20 अक्टूबर को चंडीगढ़ पहुंचे थे। कंपनी का जालंधर में भी कार्यालय है, जहां उनकी गाड़ी और ड्राइवर रहता है। ड्राइवर मंगलवार शाम उन्हें चंडीगढ़ एयरपोर्ट से होटल ताज लेकर पहुंचा था।
1997 में छत्तीसगढ़ से शुरू किया था कारोबार
दीपक मित्तल ने 1997 में छत्तीसगढ़ से कारोबार शुरू किया था। उनकी कंपनी चावल, दाल और अन्य खाद्य उत्पादों के कारोबार से जुड़ी है। छत्तीसगढ़ की राशन दुकानों में कई वर्षों तक आटा आपूर्ति का ठेका भी कंपनी के पास रहा। बाद में कारोबार का विस्तार पंजाब सहित अन्य राज्यों में किया गया। कंपनी की आमासिवनी में राइस मिल और फैक्ट्री है, जबकि पंजीकृत कार्यालय रायपुर के रामसागरपारा स्थित आदिश्वर कॉम्प्लेक्स में है।
पंजाब सरकार की ‘मेरी रसोई’ योजना के तहत करीब 40 लाख नीले राशन कार्डधारक परिवारों को हर तीन महीने में अतिरिक्त राशन किट देने की व्यवस्था है। इसमें दाल, चीनी या गुड़, नमक, हल्दी और सरसों तेल जैसी सामग्री शामिल है।
पोस्टमार्टम के बाद शव रायपुर रवाना
दीपक मित्तल का पोस्टमार्टम बुधवार दोपहर जीएमएसएच-16 में डॉक्टरों के बोर्ड ने किया। इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। उनकी बहन, बहनोई, भाई और भतीजे चंडीगढ़ पहुंचे थे। वे शव लेकर रायपुर रवाना हो गए।
कमरे से शराब और दवाइयां मिलने के बाद पुलिस ने मौत के कारणों की जांच के लिए विसरा फोरेंसिक लैब भेजा है। एसएसपी कंवरदीप कौर के मुताबिक, मौत की असली वजह जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। होटल ताज के प्रवक्ता ने घटना पर दुख जताते हुए कहा कि होटल प्रबंधन मृतक के परिवार की सहायता कर रहा है।