करमा महोत्सव में कलाकारों के साथ थिरके पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल, 12 नृत्य दलों ने दी शानदार प्रस्तुतियां; विजेता दलों को किया सम्मानित,,,


राजधानी रिपोर्टर/सौरभ साहू कि विशेष रिपोर्ट,,,

दिनांक 12/11/2026

लोकेशन, सूरजपुर छत्तीसगढ़।।




सरगुजा /लखनपुर , जनजातीय गौरव सप्ताह के अंतर्गत सरगुजा जिला प्रशासन द्वारा आयोजित शहीद वीर नारायण सिंह लोक कला महोत्सव एवं जनजातीय लोक नृत्य महोत्सव (करमा महोत्सव) में जनजातीय लोक संस्कृति की अनुपम छटा देखने को मिली। 11 नवंबर 2026 को नगर पंचायत लखनपुर स्थित साक्षरता मिनी स्टेडियम में आयोजित इस भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम में पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।। कार्यक्रम में मांदर की गूंजती थाप, पारंपरिक करमा गीतों और रंग-बिरंगी पारंपरिक वेशभूषा में सजे जनजातीय कलाकारों ने मनमोहक लोकनृत्यों की प्रस्तुति देकर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। पूरा परिसर जनजातीय संस्कृति, परंपरा और उत्साह के रंगों से सराबोर नजर आया। कार्यक्रम का विशेष आकर्षण उस समय देखने को मिला, जब मंत्री राजेश अग्रवाल स्वयं कलाकारों के बीच पहुंचे और उनके साथ करमा नृत्य में शामिल होकर जनजातीय संस्कृति के उत्साह को साझा किया। उन्होंने कलाकारों का उत्साहवर्धन करते हुए उनकी प्रस्तुतियों की सराहना की तथा विजेता दलों को पुरस्कृत कर शुभकामनाएं दीं।


 जनजातीय लोककला और परंपराएं छत्तीसगढ़ की अमूल्य धरोहर : मंत्री राजेश अग्रवाल 


कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि जनजातीय समाज की लोककला, संस्कृति और परंपराएं छत्तीसगढ़ की गौरवशाली पहचान और अमूल्य सांस्कृतिक धरोहर हैं। इन परंपराओं में हमारी पुरातन सभ्यता, सामाजिक एकता और पूर्वजों की विरासत समाहित है। इनका संरक्षण, संवर्धन और सम्मान करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है, ताकि आने वाली पीढ़ियां भी अपनी सांस्कृतिक जड़ों और गौरवशाली परंपराओं से जुड़ी रहें। उन्होंने कहा कि करमा महोत्सव जैसे आयोजन ग्रामीण एवं जनजातीय अंचलों के प्रतिभाशाली कलाकारों को अपनी पारंपरिक कला और हुनर प्रदर्शित करने का महत्वपूर्ण मंच प्रदान करते हैं। ऐसे आयोजनों से स्थानीय लोककलाओं को पहचान मिलती है और नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत को समझने एवं अपनाने की प्रेरणा मिलती है।


 12 नृत्य दलों ने बिखेरे लोक संस्कृति के रंग 


महोत्सव में लखनपुर विकासखंड के तुरना, कोरजा, लोसगा एवं केवरा सेक्टरों से पहुंचे कुल 12 नृत्य दलों ने अपनी पारंपरिक लोककला का शानदार प्रदर्शन किया। करमा नृत्य प्रतियोगिता में जय शिव शारदा करमा पार्टी, परसोदी कला ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि आदिवासी करमा दल, पीपरखार ने द्वितीय स्थान हासिल किया। वहीं शहीद वीर नारायण सिंह लोक कला महोत्सव के अंतर्गत आयोजित लोकनृत्य प्रतियोगिता में शैला पार्टी, तराजू ने प्रथम स्थान प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले दल आगामी जिला स्तरीय प्रतियोगिता में लखनपुर विकासखंड का प्रतिनिधित्व करेंगे।


 जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों की रही उपस्थिति 


इस अवसर पर जनपद पंचायत अध्यक्ष शशिकला विक्रम सिंह, नगर पंचायत अध्यक्ष सावित्री दिनेश साहू, एसडीएम रामराज सिंह, जनपद पंचायत लखनपुर की मुख्य कार्यपालन अधिकारी खुशबू शास्त्री, एसडीओ आरईएस, कार्यक्रम अधिकारी मनरेगा, आकांक्षी विकासखंड फेलो सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। कैबिनेट मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि करमा महोत्सव ने एक बार फिर यह संदेश दिया कि जनजातीय लोककला केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि हमारी सांस्कृतिक पहचान, सामाजिक एकता और गौरवशाली विरासत का जीवंत प्रतीक है। ऐसे आयोजनों से पारंपरिक लोकनृत्य, लोकगीत और सांस्कृतिक परंपराओं को नई पहचान मिलने के साथ ही उनके संरक्षण एवं संवर्धन की दिशा में महत्वपूर्ण पहल होती है।