बिलासपुर। तोरवा थाना क्षेत्र में रेलवे पटरी किनारे ठेकेदारी कार्य की निगरानी कर रहे चौकीदार की हथौड़े से हत्या के मामले को पुलिस ने चंद घंटों में सुलझा लिया। पुलिस ने हत्या के आरोप में 16 वर्षीय विधि से संघर्षरत बालक को हिरासत में लिया है। उसके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किया गया लोहे का वजनदार हथौड़ा भी बरामद किया गया है। प्रारंभिक जांच में हत्या की वजह कुछ दिन पुराना मामूली विवाद और उससे उपजी रंजिश सामने आई है।

पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान नरेश गुप्ता (35) के रूप में हुई है। वह मूल रूप से सोनघट्टा, आरा, बिहार का रहने वाला था और वर्तमान में तोरवा क्षेत्र में रेलवे पटरी किनारे रहकर चौकीदारी का काम कर रहा था।

जानकारी के मुताबिक 3 सितंबर की दरमियानी रात रेलवे क्षेत्र में पटरी किनारे चल रहे ठेकेदारी कार्य के चौकीदार नरेश गुप्ता की किसी वजनदार वस्तु से सिर पर वार कर हत्या कर दी गई। घटना की सूचना मिलने के बाद तोरवा पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया।

सीसीटीवी में हथौड़ा लेकर जाते दिखा संदिग्ध

पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। फुटेज में एक व्यक्ति हाथ में हथौड़ा लेकर सो रहे चौकीदार की तरफ जाता दिखाई दिया। इसके बाद पुलिस ने संदिग्ध की पहचान और तलाश के लिए अलग-अलग टीमें गठित कर पतासाजी शुरू की।

जांच के दौरान संदिग्ध के बापूनगर निवासी होने की जानकारी मिली। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे हिरासत में लिया। उसके घर और आसपास तलाशी लेने पर बाथरूम में मिट्टी से सना कपड़ा और रक्त के छींटे के निशान मिले। इसके बाद पुलिस ने उससे पूछताछ की।

साइकिल से पानी के छींटे पड़ने पर हुआ था विवाद

पूछताछ में पुलिस के अनुसार अपचारी बालक ने बताया कि कुछ दिन पहले वह साइकिल चला रहा था, उसी दौरान सड़क का पानी चौकीदार नरेश गुप्ता के ऊपर पड़ गया था। इस बात को लेकर चौकीदार ने उसे गाली दी और थप्पड़ मार दिया था। इसी घटना को लेकर उसके मन में रंजिश थी।

पुलिस के मुताबिक इसी रंजिश के चलते अपचारी बालक ने 3 सितंबर की दरमियानी रात मौका देखकर सो रहे चौकीदार पर वजनदार लोहे के हथौड़े से सिर पर चार-पांच बार वार कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। वारदात में इस्तेमाल हथौड़ा भी पुलिस ने बरामद कर लिया है।

मामले में तोरवा थाने में अपराध क्रमांक 483/2026, धारा 103(1) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया गया है। पुलिस ने विधि से संघर्षरत बालक को बाल न्यायालय, बिलासपुर में पेश किया है।

तोरवा पुलिस की त्वरित कार्रवाई से हत्या की इस गुत्थी को कुछ ही घंटों में सुलझाने में सफलता मिली।