मुंगेली। लोरमी पुलिस ने चोरी के मामलों में त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर तीन प्रकरणों का खुलासा किया है। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की तीन मोटरसाइकिलें और किराना दुकान से चोरी किया गया सामान बरामद किया है। बरामद मशरूका की कुल कीमत करीब 1.50 लाख रुपये बताई गई है। आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देशन में चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन बाज’ के तहत की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. प्रशांत शुक्ला और उप पुलिस अधीक्षक माधुरी धिरही के मार्गदर्शन में लोरमी पुलिस ने चोरी की घटनाओं की पतासाजी शुरू की।

पुलिस के अनुसार, डोगरीपारा लोरमी निवासी विक्की साहू की टीवीएस अपाचे आरटीआर मोटरसाइकिल क्रमांक CG 10 BY 2523, जिसकी कीमत करीब 70 हजार रुपये है, 27 अगस्त की रात घर से चोरी हो गई थी। इसी क्षेत्र में इरफान बेग की पैशन प्रो मोटरसाइकिल क्रमांक CG 10 AQ 9748, कीमत करीब 25 हजार रुपये, भी चोरी हुई थी।

इसके अलावा बाजारपारा लोरमी में कन्या स्कूल के पास स्थित किराना दुकान से 13 अगस्त को नगदी समेत तेल, निरमा और अन्य सामान चोरी किया गया था। इस मामले में 29 अगस्त को रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।

चोरी की पतासाजी के दौरान पुलिस ने मुखबिर सूचना के साथ छत्तीसगढ़ पुलिस के ‘त्रिनयन ऐप’ और सीसीटीवी फुटेज की मदद ली। जांच में घटना स्थल के आसपास संदिग्ध गतिविधियों में घूम रहे लोगों की पहचान की गई। पूछताछ के आधार पर पुलिस ने मोहम्मद रफीक (40), निवासी देवारपारा लोरमी को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने अपने साथी धनीराम मार्को (27), निवासी दुल्लापुर, थाना चिल्फी के साथ मिलकर मोटरसाइकिल चोरी करना स्वीकार किया।

दोनों आरोपियों के कब्जे से चोरी की दो मोटरसाइकिलों के अलावा थाना कोटा क्षेत्र से चोरी की गई एक बिना नंबर की होंडा एक्स-ब्लेड मोटरसाइकिल भी बरामद की गई। दोनों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

इसी तरह बाजारपारा स्थित किराना दुकान में हुई चोरी के मामले में पुलिस ने ‘त्रिनयन ऐप’ के माध्यम से सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण किया। जांच के आधार पर अमर देवार (22), निवासी देवारपारा लोरमी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। आरोपी ने चोरी करना स्वीकार किया। उसके कब्जे से तेल का टीन, जिसमें करीब 2 लीटर तेल था, तथा 300 रुपये नगद बरामद किए गए।

पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक अखिलेश वैष्णव सहित पुलिस टीम के जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।