
बिलासपुर। सिरगिट्टी पुलिस ने लूट के मामले में फरार चल रहे दो आरोपियों को ओडिशा के राउरकेला से गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर बिलासपुर लाने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल दाखिल कराया गया है। मामले में पुलिस पहले ही दो अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
पुलिस के अनुसार 19 जून 2026 की सुबह करीब 8.15 बजे पीड़िता अपने घर के पास फूल तोड़ रही थी। इसी दौरान स्कूटी से तीन युवक वहां पहुंचे। आरोप है कि एक युवक पीछे से और दो सामने से पीड़िता के पास पहुंचे और उसके साथ हाथ-मुक्के से मारपीट की। इसके बाद उसके गले में पहनी करीब एक तोला वजन की सोने की चेन, जिसमें लॉकेट लगा था, लूटकर फरार हो गए। चेन की कीमत करीब 80 हजार रुपये बताई गई थी।
शिकायत के आधार पर सिरगिट्टी थाने में अपराध क्रमांक 457/2026 दर्ज कर मामले की जांच शुरू की गई। विवेचना के दौरान पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों नवीन साहू और प्रमोद सिंह को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया था, जबकि मामले के दो अन्य आरोपी फरार चल रहे थे।
ओडिशा में छिपे थे आरोपी
फरार आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस ने मुखबिरों को सक्रिय किया। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर टीम ने दूसरे राज्य में जाकर आरोपियों की तलाश की। पुलिस को राउरकेला, ओडिशा में आरोपियों के छिपे होने की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस टीम ने आवश्यक अनुमति लेकर राउरकेला पहुंचकर घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को हिरासत में लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सोनू सोनकर उर्फ टेनी (29), निवासी न्यू बस स्टैंड मछली मार्केट, प्लांट साइट थाना क्षेत्र, राउरकेला तथा मोह. ईरफान अंसारी उर्फ झुले (19), निवासी मालगोदाम मदरसा, उदित नगर थाना क्षेत्र, राउरकेला के रूप में हुई है।
दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर सिरगिट्टी थाना लाया गया, जहां आवश्यक कार्रवाई के बाद उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल दाखिल करा दिया गया।